दीपक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : एक ऑनलाइन वोकेशनल कोर्स पूरा होने के साढ़े पांच साल बाद भी रिजल्ट और सर्टिफिकेट नहीं मिलने पर जब एक महिला ने पड़ताल की, तो कोर्स के इंस्ट्रक्टर ने उससे सेक्सुअल फेवर की मांग की। आरोप है कि महिला द्वारा प्रस्ताव ठुकराए जाने पर आरोपी इंस्ट्रक्टर उसके घर पहुंच गया और उसके साथ छेड़छाड़ व यौन उत्पीड़न किया। पीड़िता की शिकायत पर जोड़ाबागान पुलिस स्टेशन ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार उत्तर कोलकाता की रहने वाली एक महिला ने फरवरी 2021 में वेस्ट बंगाल सोसाइटी फॉर स्किल डेवलपमेंट के अंतर्गत ‘असिस्टेंट ब्यूटी थेरेपिस्ट’ का ऑनलाइन कोर्स जॉइन किया था। महिला ने सफलतापूर्वक ऑनलाइन क्लासेज और प्रैक्टिकल ट्रेनिंग पूरी कर ली थी, लेकिन पांच साल बीत जाने के बाद भी उसे न तो रिजल्ट मिला और न ही सर्टिफिकेट। रिजल्ट की तलाश में पिछले साल जनवरी में महिला न्यू टाउन स्थित टेक्निकल बिल्डिंग के संबंधित ऑफिस पहुंची। वहां के अधिकारियों ने उसे बताया कि उसका रिजल्ट इंस्ट्रक्टर ने रोक रखा है और उसे सीधे इंस्ट्रक्टर से बात करने की सलाह दी।
कैफे में की गई आपत्तिजनक डिमांड
जब महिला ने इंस्ट्रक्टर को फोन किया, तो उसने बहाने बनाए और मामले को 'समझाने' के नाम पर उसे न्यू टाउन के एक कैफे में बुलाया। पीड़िता का आरोप है कि वहां इंस्ट्रक्टर ने भद्दे कमेंट्स किए और सीधे तौर पर कहा कि कोर्स का रिजल्ट और सर्टिफिकेट तभी मिलेगा जब वह किसी होटल में जाकर उसके साथ सेक्सुअल रिलेशन बनाएगी। ट्रेनर की इस शर्मनाक मांग से सदमे में आई महिला ने तुरंत उसका ऑफर ठुकरा दिया। इसके बाद आरोपी ने उसे लगातार परेशान करना और धमकाना शुरू कर दिया।
घर में घुसकर किया यौन उत्पीड़न
महिला के लगातार इनकार करने से गुस्साए ट्रेनर ने उसे धमकी दी कि उसे कभी रिजल्ट नहीं मिलेगा। इसके बाद, पिछले साल अप्रैल में आरोपी ट्रेनर जोड़ाबागान स्थित महिला के घर पहुंच गया और वहां उसके साथ छेड़छाड़ व यौन उत्पीड़न किया। विरोध करने पर वह गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देकर फरार हो गया। डर के मारे पीड़िता ने अप्रैल में ही जोड़ाबागान पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दी थी।
हालिया धमकी के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
पीड़िता के अनुसार, पिछले महीने आरोपी ने उसे वॉट्सएप मैसेज भेजकर बताया कि वह कुछ दिनों के लिए उत्तर प्रदेश जा रहा है और लौटने के बाद दोबारा उसके घर आएगा। इस नई धमकी के बाद घबराई महिला ने फिर से पुलिस से संपर्क किया और दोबारा शिकायत दर्ज कराई। इस दूसरी शिकायत के आधार पर पुलिस ने अंततः आरोपी ट्रेनर के खिलाफ छेड़छाड़, यौन उत्पीड़न और आपराधिक धमकी की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के लिए तलब किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।