कोलकाता : शहर में चलती बस में चोरी की घटना सामने आई है। बारासात-बड़ाबाजार रूट की बस में यात्रा कर रही 58 वर्षीय महिला प्रतिमा मित्रा का बटुआ चोरी हो गया। पीड़िता ने इस संबंध में उत्तर कोलकाता के श्यामपुकुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार, प्रतिमा मित्रा 5 सितंबर 2026 की दोपहर करीब 12 बजे उल्टाडांगा जाने के लिए बड़ाबाजार से बारासात रूट की बस में सवार हुई थीं। जब वह दोपहर करीब 12 बजे राजाबल्लभ पाड़ा में उतरीं और अपने गंतव्य पहुंचीं, तब उन्हें अपने सिंथेटिक थैले में कट लगा देखकर शक हुआ। जांच करने पर पता चला कि थैले के भीतर रखा पर्स गायब था। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पर्स में 7,000 रुपये नकद और दो सेट सोने के कान के झुमके थे, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 45 हजार रुपये है। महिला ने आशंका जताई है कि चोर ने बस यात्रा के दौरान ही उनका थैला काटकर पर्स पार कर दिया। श्यामपुकुर थाना पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों व बस यात्रियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।