ठाकुरपुकुर थाना में मामला दर्ज
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : न गिरफ्तारी का वारंट था और न ही कोई पुलिस कार्रवाई, लेकिन साइबर ठगों के डर के आगे 56 वर्षीय महिला इस कदर बेबस हो गईं कि करीब डेढ़ महीने तक उनकी जिंदगी वॉट्सएप वीडियो कॉल तक सिमटकर रह गई। ड्रग्स तस्करी के फर्जी मामले में फंसाने और जान से मारने की धमकी देकर जालसाजों ने उन्हें कथित तौर पर डिजिटल कैद में रखा। इस दौरान छह अलग-अलग आरटीजीएस लेनदेन के जरिए 1.78 करोड़ रुपये से अधिक की रकम ठग ली गई। ठाकुरपुकुर थाना क्षेत्र की इस घटना में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, पूर्व बरिशा गवर्नमेंट कॉलोनी निवासी अनुराधा चौधरी (56) ने 19 नवंबर 2026 को शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि ठगी की शुरुआत 27 अगस्त को एक अज्ञात नंबर से आए फोन कॉल से हुई। कॉल करने वाले ने उन पर अवैध ड्रग्स तस्करी में शामिल होने का आरोप लगाया। इसके बाद गिरफ्तारी का भय दिखाकर उन्हें लगातार मानसिक दबाव में रखा गया।
शिकायत के मुताबिक, 27 अगस्त से 7 अक्टूबर तक जालसाजों ने अलग-अलग तरीकों से उन्हें डराया-धमकाया। 30 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच वॉट्सएप वीडियो कॉल के माध्यम से लगातार ऑनलाइन रहने के लिए मजबूर किया गया। आरोपियों ने धमकी दी कि यदि उन्होंने उनकी आर्थिक मांगें पूरी नहीं कीं या किसी को इसकी जानकारी दी तो उनकी हत्या कर दी जाएगी। अपनी जान को खतरा महसूस करते हुए महिला ने आरोपियों के बताए बैंक खातों में आरटीजीएस के जरिए कुल 1 करोड़ 78 लाख 90 हजार 941.60 रुपये ट्रांसफर कर दिए। पीड़िता ने पुलिस को छह लेनदेन का ब्योरा सौंपा है। इनमें क्रमशः 49.40 लाख रुपये, 47.50 लाख रुपये, 18 लाख रुपये, 24 लाख रुपये, 20 लाख रुपये और 20 लाख रुपये शामिल हैं। इस घटना से महिला गहरे मानसिक तनाव में है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने और अपनी मेहनत की कमाई वापस दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस बैंक खातों और लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर ठगी के इस मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।