कोलकाता : महानगर में एक महिला के शरीर पर किरासन तेल उड़ेल कर जिंदा जलाने का आरोप एक व्यक्ति पर लगा है। घटना मैदान थानांतर्गत गंगासागर मेला मैदान इलाके की है। घटना में झुलसी महिला की अस्पताल में इलाज के दौरान शनिवार की सुबह मौत हो गयी। मृतका का नाम शगुफ्ता परवीन (33) है। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर की उपस्थिति में पुलिस ने उसका बयान वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ दर्ज किया। अपने बयान में शगुफ्ता ने आरोप लगाया कि सिद्धार्थ चूड़ीवाल नामक व्यक्ति ने उस पर केरोसिन उड़ेलकर आग लगा दी। पुलिस ने मृतका द्वारा अस्पताल में मौत से पहले दिये गये बयान के आधार पर अभियुक्त सिद्धार्थ चूड़ीवाल को गिरफ्तार किया है। वह बेलियाघाटा इलाके का रहनेवाला है। पुलिस सूत्रों के अनुसार प्राथमिक जांच में पता चला कि घटना के समय अभियुक्त घटनास्थल पर नहीं था। शनिवार को अभियुक्त को अदालत में पेश करने पर उसे 16 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से केरोसिन तेल की बोतल भी जब्त की है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, 3 अप्रैल 2026 को करीब 4 बजे स्थानीय पुलिस को ईडन गार्डन्स के सामने गंगासागर मेला मैदान इलाके में एक महिला के जलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल एसएसकेएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे 98 प्रतिशत झुलसी हालत में भर्ती किया गया। पीड़िता ने बताया कि वह टी बोर्ड के पास स्थित एक जूट बैग की दुकान में काम करती थी, जो आरोपित सिद्धार्थ चूड़ीवाल की थी। घटना के दिन दोपहर करीब 2 बजे आरोपित ने उसे बातचीत के लिए बुलाया था। इस दौरान उसकी शादी को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो धीरे-धीरे विवाद में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान सिद्धार्थ ने उस पर केरोसिन उड़ेलकर आग लगा दी। स्थानीय ड्राइवरों ने महिला को जलते हुए देखा और आग बुझाकर उसे अस्पताल पहुंचाया। पीड़िता के बयान के आधार पर मैदान थाने में मामला दर्ज किया गया। सरकारी वकील अरूप चक्रवर्ती ने गिरफ्तार व्यक्ति की जमानत का विरोध किया और कहा कि अभियुक्त कई दिनों से महिला के संपर्क में था। गिरफ्तार व्यक्ति ने शुक्रवार को महिला को फोन किया। उसने उसे दोपहर में बुलाया। दोनों मैदान थाना इलाके के गंगासागर मैदान में मिले। वहां, उनके बीच बहस और लड़ाई हुई। आरोप है कि फिर गिरफ्तार व्यक्ति सिद्धार्थ चूड़ीवाल ने एक बोतल में भरा केरोसिन तेल महिला पर डाला और आग लगाकर भाग गया। सरकारी वकील ने कहा कि महिला चिल्लाई, ‘मुझे बचाओ, मुझे बचाओ’ इलाके के लोग मौके पर पहुँचे। बाद में, महिला को गंभीर हालत में एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। कोर्ट ने गिरफ्तार व्यक्ति को 16 अप्रैल तक पुलिस कस्टडी में भेजने का आदेश दिया। सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार व्यक्ति को पुलिस ने बेलियाघाटा से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में कुछ विरोधाभासी तथ्य भी सामने आए हैं, जिनकी जांच और सत्यापन किया जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।