फाइल फोटो फाइल फोटो
कोलकाता सिटी

आलू में ऑनलाइन निवेश के नाम पर 8 लाख की ठगी

अम्हर्स्ट स्ट्रीट थाने की घटना, महिला गिरफ्तार

कोलकाता : आलू में ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी करने के एक मामले में लालबाजार क़े डिटेक्टिव डिपार्टमेंट की टीम ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। घटना अम्हर्स्ट स्ट्रीट थाना इलाके की है। आरोपित का नाम अफसाना खातून है। पुलिस महिला से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है।

क्या है पूरा मामला

आरोप है कि महिला ने एक निजी संस्था खोलकर लोगों को ऑनलाइन आलू बेचने के व्यवसाय में निवेश का लालच देकर करोड़ों की ठगी का जाल बिछाया था। इस मामले में पिछले साल अम्हर्स्ट स्ट्रीट थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। बुधवार को अदालत में सरकारी वकील त्रिवेणी रेड्डी ने बताया कि अफसाना खातून ने एक निजी कंपनी के नाम पर ऑनलाइन प्रचार किया था कि यदि कोई व्यक्ति आलू बिक्री के व्यापार में निवेश करता है, तो उसे अधिक रिटर्न मिलेगा। शिकायतकर्ता महिला ने इस झांसे में आकर 8 लाख रुपये निवेश कर दिया लेकिन न तो उसे कोई लाभ मिला और न ही मूलधन वापस किया गया। इसके बाद उसने थाने में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस जांच में सामने आया कि यह पूरी योजना एक सोची-समझी ठगी की साजिश थी। इस तरीके से अभियुक्त ने दर्जनों लोगों को ठगी का‌ शिकार बनाया था। लोगों के रुपये को किराये के अकाउंट में लिये गये थे। लालबाजार की डिटेक्टिव शाखा ने जांच के बाद मंगलवार को अफसाना खातून को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को अदालत में पेश करने पर उसे 22 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस स्कीम के तहत कितने लोगों से ठगी की गई है।

SCROLL FOR NEXT