सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : एसएसकेएम अस्पताल परिसर में सोमवार की सुबह अचानक एक पेड़ गिरने से महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। मृतका का नाम राहिदा बीबी (46) है। वह बीरभूम के नलहाटी की रहने वाली थी। वह अपने एक रिश्तेदार का इलाज कराने के लिए अस्पताल आई थीं। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, एसएसकेएम के यूरोलॉजी विभाग के ओपीडी के बाहर मरीजों के परिजनों के बैठने के लिए कंक्रीट की बेंच लगी है। सोमवार की सुबह राहिदा बीबी समेत कई लोग वहां बैठे थे। इसी दौरान अचानक एक पेड़ टूटकर बेंच के पास गिर पड़ा। हादसे में राहिदा गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल ट्रॉमा केयर सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में जिल्लार रहमान (68) और शिस मोहम्मद शेख (76) नाम के दो लोग भी घायल हुए हैं। दोनों का ट्रॉमा केयर सेंटर में इलाज चल रहा है। जानकारी के मुताबिक राहिदा अपने रिश्तेदार अकलीमा बीबी की देखभाल के लिए नलहाटी से एसएसकेएम आई थीं। अकलीमा यूरोलॉजी विभाग में भर्ती हैं। वहीं, घायल शिस मो. शेख किडनी के इलाज के लिए अस्पताल आए थे। उन्हें किडनी की सर्जरी करानी है और तारीख लेने के लिए वह सोमवार को तड़के करीब तीन बजे से अस्पताल परिसर में इंतजार कर रहे थे। वह एक कंक्रीट की बेंच पर लेटे थे, तभी पेड़ उनके पैर पर गिर गया। हादसे में उनके पैर में फ्रैक्चर हुआ है।