कोलकाता : महानगर और इसके आसपास के क्षेत्रों में बंगाल स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने छापामारी अभियान चलाकर 5 ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में एक महिला असमा खातून प्यादा और पुरुष अभियुक्त मो. रफीक, अभिषेक कर्मकार, हासेम अली और वृंदावन दास शामिल हैं। सभी अभियुक्त उत्तर 24 परगना और नदिया जिले के रहने वाले हैं। उनके कब्जे से कुल 1.35 किलोग्राम हेरोइन और 3 किलो “पॉवर” नामक केमिकल बरामद हुआ है। बरामद ड्रग्स की अनुमानित बाजार कीमत 1 करोड़ रुपये से अधिक है।
जानकारी के अनुसार, बगाल एसटीएफ के अधिकारियों ने बुधवार दोपहर उल्टाडांगा के कैनल वेस्ट रोड में छापेमारी कर असमा खातून प्यादा को गिरफ्तार किया। महिला के पास से 1.32 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। इससे पहले, 25 जनवरी को बंगाल एसटीएफ ने निमता थाना क्षेत्र के बेलघरिया एक्सप्रेसवे पर कार्रवाई कर मो. रफीक, अभिषेक कर्मकार, हासेम अली और वृंदावन दास को गिरफ्तार किया था। उनके पास से 400 ग्राम हेरोइन और तीन किलो पॉवर बरामद किया गया था।
एसटीएफ अधिकारियों ने अभियुक्तों से पूछताछ के दौरान असमा खातून के बारे में जानकारी हासिल की। इसके आधार पर बुधवार को उन्हें गिरफ्तार किया गया। फिलहाल, बंगाल एसटीएफ अधिकारियों ने गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ शुरू कर दी है ताकि उनके अन्य साथियों और नेटवर्क के बारे में पता लगाया जा सके।
एसटीएफ के अधिकारियों का कहना है कि यह गिरफ्तारी ड्रग तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक महत्वपूर्ण सफलता है और इससे अवैध हेरोइन सप्लाई को रोकने में मदद मिलेगी। अधिकारी इस बात पर भी ध्यान दे रहे हैं कि इस गिरोह के अन्य सदस्य किस प्रकार से इस नेटवर्क में शामिल हैं।