कोलकाता : क्षेत्रीय यूनानी चिकित्सा अनुसंधान संस्थान, कोलकाता में सोमवार को हिंदी पखवाड़ा समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रभारी अनुसंधान अधिकारी डॉ. मोहम्मद नवाब के निर्देशन में तथा राजभाषा प्रभारी डा. मो. मसीहुज्जमां अंसारी की देखरेख में हुआ।
समारोह में ‘सन्मार्ग’ दैनिक हिंदी समाचार पत्र, कोलकाता की संपादक श्रीमती नेहा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर हिंदी के प्रचार-प्रसार और कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा के महत्व पर चर्चा की गई।
हिंदी पखवाड़े के दौरान संस्थान में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। समापन समारोह में प्रतियोगिताओं के विजेताओं को नकद पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
भाषण प्रतियोगिता में श्री जोसीम हल्दर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं निबंध प्रतियोगिता में कुमारी सीमा प्रथम रहीं। क्विज प्रतियोगिता में ग्रुप बी ने पहला स्थान हासिल किया। विजेता टीम में कुमारी सीमा परवीन, डॉ. अनिर्बान गोस्वामी, डॉ. नगमा परवीन और श्री इम्तियाज़ शेख शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए हिंदी भाषा के अधिकाधिक प्रयोग और राजभाषा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। समारोह का समापन विजेताओं के सम्मान और हिंदी के निरंतर प्रचार-प्रसार के संकल्प के साथ हुआ।