फिरहाद हाकिम  
कोलकाता सिटी

क्या फिरहाद हाकिम होंगे पीएसी चेयरमैन? राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज

ममता बनर्जी गुट में बढ़ी असहजता

कोलकाता : विधानसभा की सबसे महत्वपूर्ण समितियों में से एक पब्लिक अकाउंट्स कमेटी (पीएसी) के अध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। संसदीय परंपरा के अनुसार यह पद विपक्षी खेमे को दिया जाता है। सूत्रों के मुताबिक, इस बार पूर्व कोलकाता मेयर तथा विधायक फिरहाद हाकिम को पीएसी का अध्यक्ष बनाए जाने पर विचार किया जा रहा है।

राज्य की बदली राजनीतिक परिस्थितियों और तृणमूल कांग्रेस में उभरे विभाजन के बीच इस संभावना को काफी अहम माना जा रहा है। हाल ही में कोलकाता नगर निगम के मेयर पद से इस्तीफा देने वाले फिरहाद हाकिम को विधानसभा में ऋतब्रत बनर्जी और जावेद खान के साथ विपक्षी खेमे में बैठे देखा गया था। इसके बाद से उनके राजनीतिक रुख को लेकर अटकलें और तेज हो गई हैं।

राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि यदि फिरहाद हाकिम को पीएसी अध्यक्ष बनाया जाता है तो इसे मौजूदा सत्ता-विपक्ष समीकरणों और तृणमूल के अंदरूनी बदलावों के संदर्भ में देखा जाएगा। इससे ममता बनर्जी खेमे में असहजता बढ़ सकती है। तृणमूल विधायक कुणाल घोष ने इस मुद्दे पर तंज कसते हुए कहा कि फिरहाद अब वामपंथी हो गए हैं। विधानसभा में प्रवेश करते ही वह बाईं ओर स्थित विपक्ष के नेता के कक्ष की दिशा में चले जाते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार या विधानसभा की ओर से यदि इस संबंध में कोई घोषणा की जाती है, तो उस पर पार्टी अपनी प्रतिक्रिया देगी। हालांकि अभी तक पीएसी अध्यक्ष पद को लेकर कोई आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है और फिरहाद हाकिम की ओर से भी इस विषय पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

SCROLL FOR NEXT