रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
डायमंड हार्बर: उधार के रुपये मांगने पर धारदार हथियार से हमला कर ट्रांसजेंडर प्रेमिका की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने मृतका के प्रेमी कमालुद्दीन हालदार को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त को दिल्ली से पकड़ा गया। मृतका का नाम सोनाली हालदार उर्फ सोनू था। कमालुद्दीन ने सोनाली से कई बार मोटी रकम उधार ली थी। जब सोनाली ने पैसे वापस मांगे तो विवाद हुआ और आखिरकार कमालुद्दीन ने उसकी हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, गत 29 अक्टूबर को उस्ती इलाके से सोनाली का गला रेता शव बरामद हुआ था। घटना के दिन इलाके में काफी लोगों को जमावड़ा हो गया। इलाके के लिए घटना को लेकर काफी आंतकित थे। डायमंड हार्बर पुलिस के विशेष जांच में कमालुद्दीन का नाम सामने आने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। डायमंड हार्बर पुलिस जिले के एएसपी (जोनल) मितुन कुमार दे प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि अभियुक्त कमालुद्दीन कुख्यात अपराधी है। उसके खिलाफ हथियार अधिनियम सहित कई मामले दर्ज हैं। उसने अपनी पत्नी को भी देह व्यापार में धकेलने के लिए मजबूर किया था। सोनाली के साथ उसका शारीरिक संबंध था। संबंधों का फायदा उठाकर कमालुद्दीन ने सोनाली से कई किस्तों में मोटी रकम उधार ली थी। पैसे लौटाने की जिद करने पर उस्ती थाना क्षेत्र के कालीकापोता ग्राम पंचायत के तुल्यान गांव में सड़क किनारे धान के खेत में सोनाली को बुलाकर धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद अभियुक्त फरार हो गया था। जांच के दौरान पहले राजस्थान के अजमेर शरीफ में उसकी लोकेशन मिली, लेकिन वहां से वह दिल्ली भाग गया। आखिरकार पुलिस ने दिल्ली से उसे गिरफ्तार कर लिया। ट्रांजिट रिमांड पर लाकर उसे डायमंड हार्बर एसीजेएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। हत्या में इस्तेमाल हथियार भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।