रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कोलकाता नगर निगम की ओर से शनिवार की शाम पश्चिम बंग दिवस उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर निगम परिसर में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन कोलकाता नगर निगम की प्रशासक स्मिता पांडेय ने महान शिक्षाविद् एवं राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर किया। इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए कहा कि पश्चिम बंग दिवस का आयोजन करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम राज्य की संस्कृति, परंपरा और गौरव को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्मिता पांडेय ने कहा कि पश्चिम बंगाल विविधताओं से भरा राज्य है और इसकी सांस्कृतिक पहचान पूरे देश में विशिष्ट स्थान रखती है। उन्होंने सभी नागरिकों से राज्य के विकास और सामाजिक सौहार्द को बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जोड़ासांको के भाजपा के विधायक विजय ओझा, कोलकाता नगर निगम के सचिव किशोर कुमार विश्वास सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। अतिथियों ने पश्चिम बंग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राज्य की उन्नति और समृद्धि की कामना की।