कोलकाता : शादी-ब्याह के आयोजनों में अब जूट से बने उत्पादों की सजावट देखने को मिल सकती है। विवाह समारोहों में जूट उत्पादों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने और इसके लिए नए बाजार विकसित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय पटसन बोर्ड ने पहल की है। इसको लेकर बोर्ड के सचिव व आईआरटीएस शशि भूषण सिंह की पहल पर गुरुवार को बंगाल क्लब में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में वेडिंग इवेंट मैनेजमेंट एजेंसियों, इवेंट प्लानर्स, डेकोरेटर्स, जूट उत्पाद निर्माताओं, डिजाइनरों और कारीगरों ने हिस्सा लिया। इस दौरान शादी समारोहों की सजावट में जूट से बने विविध उत्पादों के इस्तेमाल की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही, जूट उद्यमियों और इवेंट मैनेजमेंट से जुड़े लोगों के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर जोर दिया गया। शशि भूषण सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय पटसन बोर्ड इवेंट मैनेजर्स, डेकोरेटर्स और जूट के विविध उत्पादों के निर्माताओं के बीच संवाद एवं समन्वय को मजबूत करने के लिए विभिन्न समूहों का गठन करेगा। इसके माध्यम से सभी संबंधित पक्षों को एक मंच पर लाया जाएगा, ताकि जूट उत्पादों की उपलब्धता, डिजाइन और मांग के बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित हो सके। उन्होंने कहा कि विवाह समारोहों और अन्य आयोजनों में जूट उत्पादों के इस्तेमाल को लोकप्रिय बनाने के लिए सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इस पहल से जूट उत्पादों के लिए नए बाजार खुलने के साथ किसानों, कारीगरों और उद्यमियों को लाभ मिलने तथा रोजगार एवं कारोबार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।