ठंड की दस्तक 
कोलकाता सिटी

पश्चिम बंगाल में बदला मौसम का मिजाज

सुबह-रात में बढ़ी ठंडक

Ravi

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में चक्रवात मुरासु का प्रभाव कम होने के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। न्यूनतम तापमान में गिरावट से लोगों को सर्दी का एहसास होने लगा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या काली पूजा से पहले ही बंगाल में सर्दी ने दस्तक दे दी है?

अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, काली पूजा तक राज्य में मौसम सुहावना रहने और सुबह-रात में हल्की ठंडक बने रहने की संभावना है। हालांकि, इसे अभी सर्दी की औपचारिक शुरुआत नहीं माना जा सकता। सोमवार से न्यूनतम तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है।

दक्षिण बंगाल के कई जिलों में बारिश के आसार

मौसम विभाग ने सोमवार से बुधवार तक दक्षिण बंगाल के विभिन्न जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। सोमवार को कोलकाता, हावड़ा, उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, नदिया और मुर्शिदाबाद में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मंगलवार को तटीय जिलों में बारिश की संभावना अधिक है। कोलकाता में भी हल्की बारिश के आसार हैं।

उत्तर बंगाल में भी गिरेगा तापमान

उत्तर बंगाल में शनिवार तक न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट संभव है। वहीं, सोमवार को मालदा, उत्तर दिनाजपुर और दक्षिण दिनाजपुर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दार्जिलिंग समेत ऊपरी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

कुल मिलाकर, काली पूजा तक बंगाल में सुहावना मौसम रहने की उम्मीद है। हालांकि, त्योहार के बाद बारिश और तापमान में बदलाव से मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है।

SCROLL FOR NEXT