कोलकाता : पार्क स्ट्रीट इलाके स्थित एक प्रतिष्ठित रेस्तरां के खिलाफ टॉलीवुड अभिनेता एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सायक चक्रवर्ती ने गंभीर आरोप लगाए हैं। चक्रवर्ती का आरोप है कि रेस्तरां में उन्हें मटन की जगह बीफ परोसा गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सायक चक्रवर्ती की शिकायत के आधार पर रेस्तरां के एक वेटर को गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपित वेटर की पहचान शेख नासिरुद्दीन के रूप में हुई है। उसे भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 299 के तहत गिरफ्तार किया गया है। इस धारा के तहत किसी वर्ग के धर्म या धार्मिक विश्वास का अपमान करने के उद्देश्य से किए गए जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कृत्य को अपराध माना गया है, जिसके लिए तीन वर्ष तक की कैद, जुर्माना या दोनों सजाएं हो सकती हैं। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि सायक चक्रवर्ती गलत भोजन परोसने वाले वेटर से सवाल-जवाब कर रहे हैं। वीडियो में चक्रवर्ती कहते सुनाई देते हैं, ‘इस वक्त हम पार्क स्ट्रीट के एक बड़े रेस्टोरेंट में हैं, जहां हमने मटन ऑर्डर किया था, लेकिन हमें बीफ परोसा गया। हमें इसकी जानकारी नहीं थी। हमने इसे अपना मटन समझकर खा लिया।’ गुस्से में सायक चक्रवर्ती यह कहते हुए भी सुने जाते हैं, ‘क्या आप जानते हैं कि मैं एक ब्राह्मण हूं?’ इसके बाद वह कथित तौर पर वेटर से उसके धर्म के बारे में पूछते हैं। अभिनेता का आरोप है कि वेटर ने उन्हें यह नहीं बताया कि परोसा गया व्यंजन बीफ था। इसके अलावा, रेस्तरां के कर्मचारियों ने उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया और हंसी-मजाक किया। वायरल वीडियो में रेस्तरां के मैनेजर को यह स्वीकार करते हुए भी देखा गया है कि संबंधित वेटर से एक गंभीर गलती हुई है। हालांकि, इस पूरे मामले पर अब तक रेस्तरां प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।