सोमवार को प्रदर्शन बैंकशाल कोर्ट के बाहर करते हुए वकील 
कोलकाता सिटी

वकीलों का चक्का जाम और एसएफआई का प्रदर्शन

Deepak Mishra

मध्य कोलकाता में यातायात घंटों ठप, राहगीर बेहाल

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता :

सोमवार को मध्य कोलकाता की सड़कें पूरी तरह ठहर गईं। बैंकशाल कोर्ट के प्रदर्शनकारी वकीलों द्वारा तीन घंटे तक किए गए सड़क जाम और उसके बाद एसएफआई के विरोध-प्रदर्शन के कारण शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात ठप हो गया। आगामी दुर्गा पूजा की खरीदारी के कारण सड़कों पर पहले से ही भारी भीड़ थी, ऐसे में चक्का जाम की वजह से आम यात्रियों, दफ्तर जाने वालों और स्कूली बच्चों को घंटों भारी परेशानी झेलनी पड़ी।यह विवाद पिछले गुरुवार को बैंकशाल कोर्ट परिसर में हुई झड़प से शुरू हुआ था। बताया जाता है कि यूट्यूबर दीपक व्यापारी की अदालत में पेशी के दौरान वकीलों के एक समूह पर अंडे फेंके गए थे। इसका विरोध करने पर तीन वकीलों के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। वकीलों ने एक आरोपी को पकड़कर हेयर स्ट्रीट पुलिस के हवाले कर दिया था, जबकि दूसरे आरोपी को रविवार को गिरफ्तार किया गया। वकीलों का आरोप है कि नामजद होने के बावजूद पुलिस बाकी फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने में टालमटोल कर रही है।

कई प्रमुख चौराहों पर लगा जाम

पुलिस की कथित निष्क्रियता के खिलाफ वकीलों ने हेयर स्ट्रीट-काउंसिल हाउस स्ट्रीट क्रासिंग, हेयर स्ट्रीट-स्ट्रैंड रोड क्रासिंग और जीपीओ के सामने एनएस रोड सहित कई महत्वपूर्ण चौराहों को पूरी तरह से बंद कर दिया। इस वजह से स्ट्रैंड रोड, सेंट्रल एवेन्यू, हाथीबागान, बिधान सरणी और आसपास के सभी इलाकों में गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति यह थी कि टालापार्क से एस्प्लेनेड तक की महज 6.5 किलोमीटर की दूरी तय करने में लोगों को करीब पौने तीन घंटे का समय लग गया। स्कूल वैन और पूल कारों के फंसने से बच्चों को भी चिलचिलाती धूप में घंटों गाड़ी में ही बैठना पड़ा।

गुस्साए यात्रियों ने खुद हटाए बैरिकेड्स

दोपहर करीब 3 बजे स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब स्ट्रैंड रोड पर फंसे गुस्साए वाहन चालकों और बस यात्रियों ने खुद गाड़ियों से उतरकर वकीलों द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स हटा दिए। बढ़ते जनआक्रोश को देखते हुए वकीलों ने अपना सड़क जाम वापस ले लिया। बाद में पुलिस अधिकारियों ने वकीलों के एक प्रतिनिधिमंडल को निष्पक्ष जांच और त्वरित गिरफ्तारी के आश्वासन के साथ लालबाजार (पुलिस मुख्यालय) वार्ता के लिए बुलाया।

कॉलेज स्ट्रीट पर एसएफआई का प्रदर्शन

वकीलों का आंदोलन खत्म ही हुआ था कि शाम के समय एसएफआई के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज स्ट्रीट पर नाकाबंदी कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। वे पिछले सप्ताह बिराटी में हुई राजनीतिक झड़प के बाद गिरफ्तार किए गए अपने उत्तर 24 परगना जिला सचिव आकाश कर की रिहाई की मांग कर रहे थे। इस दोहरे जाम के कारण देर शाम तक मध्य और उत्तर कोलकाता में यातायात व्यवस्था चरमराई रही।
SCROLL FOR NEXT