फा‌इल फोटो 
कोलकाता सिटी

विद्यासागर सेतु 12 जुलाई को 16 घंटे रहेगा पूरी तरह बंद

वाहनों के लिए जारी किया गया रूट डायवर्जन

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : विद्यासागर सेतु पर मरम्मत एवं पुनर्वास कार्य किए जाने के कारण रविवार 12 जुलाई 2026 को 16 घंटे तक पुल पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। इस दौरान पुल के स्टे एवं होल्डिंग डाउन केबल, बेयरिंग सहित अन्य महत्वपूर्ण संरचनात्मक हिस्सों को बदला जाएगा। जारी अधिसूचना के अनुसार, 12 जुलाई को सुबह 6:00 बजे से रात 10:00 बजे तक विद्यासागर सेतु तथा इसके सभी रैंप पर सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे यात्रा की योजना बनाते समय वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। मरम्मत कार्य के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए ए.जे.सी. बोस रोड की ओर से आने वाले पश्चिममुखी वाहन टर्फ व्यू से ‘एट ग्रेड रोड’ होते हुए हेस्टिंग्स क्रॉसिंग की ओर भेजे जाएंगे। वहां से वाहन सेंट जॉर्जेस गेट रोड और स्ट्रैंड रोड के रास्ते हावड़ा ब्रिज पहुंच सकेंगे। आवश्यकता होने पर हेस्टिंग्स क्रॉसिंग से दाहिने मुड़कर के.पी. रोड का भी उपयोग किया जा सकेगा। के.पी. रोड की ओर से विद्यासागर सेतु आने वाले पश्चिममुखी वाहनों को 11 फरलांग गेट से हेस्टिंग्स क्रॉसिंग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद वे सेंट जॉर्जेस गेट रोड और स्ट्रैंड रोड होते हुए हावड़ा ब्रिज जा सकेंगे।सी.जी.आर. रोड (खिदिरपुर) से आने वाले पूर्वमुखी वाहनों को हेस्टिंग्स क्रॉसिंग से बाईं ओर मोड़कर सेंट जॉर्जेस गेट रोड और स्ट्रैंड रोड के रास्ते हावड़ा ब्रिज की ओर भेजा जाएगा।

वाई-पॉइंट रैंप से विद्यासागर सेतु पर चढ़ने वाले वाहनों को वाई-पॉइंट से ही 11 फरलांग गेट की ओर मोड़ा जाएगा। वहां से वाहन के.पी. रोड और रेड रोड के रास्ते हावड़ा ब्रिज का उपयोग कर सकेंगे। कोलकाता पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि यातायात की स्थिति के अनुसार शहर की अन्य प्रमुख सड़कों पर भी आवश्यकतानुसार अतिरिक्त डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं।

SCROLL FOR NEXT