सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कविकोकिल महाकवि विद्यापति के 578वें अवसान दिवस पर मिथिला विकास परिषद की महिला शाखा मिथिला महिला मंच द्वारा कोलकाता के तारासुंदरी पार्क में 578 दीप प्रज्वलित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मिथिला की सांस्कृतिक परंपरा, लोकगीतों और साहित्यिक विरासत को समर्पित इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों की उपस्थिति रही।
मिथिला महिला मंच की अध्यक्ष शैल झा के नेतृत्व में पारंपरिक चावल के पीठार से अरिपन बनाकर ॐ की आकृति में सजाए गए 578 दीप समारोह का विशेष आकर्षण रहे। गांव-घर के पारंपरिक परिवेश में शैल झा, ममता झा, आशा झा , सुनीता झा, नूतन सिन्हा, आशा देवी झा, विभा ठाकुर, नीता सिंह, मोनी सिंह,सहित अन्य महिलाओं द्वारा विद्यापति रचित नचारी एवं भक्तिमय गीतों की प्रस्तुति ने वातावरण को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाकवि विद्यापति रचित भगवती वंदना 'जय जय भैरवि' किरण इस्सर ने के प्रस्तुत की। मौके पर राजेश सिन्हा, सीता राम अग्रवाल, संजय ठाकुर, अशोक झा, आदि ने तारासुंदरी पार्क में परिषद द्वारा स्थापित यात्री-नागार्जुन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष अशोक झा ने एवं संचालन पंडित विकास झा तथा सर्वभाषा काव्य गोष्ठी का संचालन अजय तिरहुतिया ने किया।
अपने उद्घाटन संबोधन में अशोक झा ने कहा कि विद्यापति केवल मिथिला के कवि नहीं, बल्कि भारतीय भक्ति साहित्य और सांस्कृतिक चेतना के अमूल्य धरोहर हैं। उनके साहित्य में भक्ति, प्रेम, लोकजीवन और मानवीय संवेदनाओं का अद्भुत समन्वय है। दीप प्रज्वलन का उद्देश्य केवल स्मरण करना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी तक मैथिली भाषा, साहित्य और संस्कृति की ज्योति पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि मिथिला की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
आगत अतिथियों एवं कवियों का स्वागत करते हुए मिथिला महिला मंच की अध्यक्ष श्रीमती शैल झा ने कहा कि विद्यापति की रचनाएं मिथिला के प्रत्येक घर, आंगन और जनमानस में आज भी जीवित हैं। महिलाओं द्वारा अरिपन, दीप प्रज्वलन और पारंपरिक गीतों की प्रस्तुति इसी सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास है।
अजय तिरहुतिया के संचालन में आयोजित सर्वभाषा काव्य गोष्ठी में विनय भूषण (मैथिली), सुरेन्द्र सिंह (हिन्दी), कामेश्वर झा 'कमल' (मैथिली), सुरेन्द्र सिंह (हिन्दी), (मैथिली), अशोक झा (मैथिली) नबो नारायण झा, ऊषा झा, सूरज रजक ने अपनी कविताओं का पाठ किया। उपस्थित साहित्यप्रेमियों ने कवियों की रचनाओं की खूब सराहना की।
सूर्यास्त के साथ ही 'कविकोकिल विद्यापति अमर रहें', 'हर-हर महादेव', 'जय मिथिला, जय मैथिली' के गगनभेदी जयघोष से पूरा पार्क गुंजायमान हो उठा। भूतनाथ मंदिर के पूर्व मुख्य पुजारी स्वर्गीय महिपाल ठाकुर को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया। मिथिला के पंडितों द्वारा प्रस्तुत स्वस्ति वाचन ने पूरे वातावरण को भक्तिमय एवं मिथिलामय बना दिया।
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि विद्यापति की स्मृति केवल एक तिथि तक सीमित नहीं, बल्कि मैथिली भाषा, साहित्य, लोकसंस्कृति और मिथिला की सामूहिक पहचान को जीवित रखने का सतत संकल्प है। मौके पर अशोक झा, द्वितीय, पवन शर्मा,पूर्णेश्वर ठाकुर , शक्ति सिन्हा, रमेश झा, हरि नारायण राय, पोषणजीत सिंह अखिलेश्वर झा, उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रीय गीत के संग हुआ।