फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

पूर्व विधायक वैशाली डालमिया से 4.30 लाख रुपये की ठगी

जालसाजों ने फर्जी रसीद भी थमाई

कोलकाता: कोलकाता की जानी-मानी व्यवसायी और बाली विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक वैशाली डालमिया के साथ 4.30 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। हैरान करने वाली बात यह है कि ठगों ने उन्हें राज्य सरकार के भूमि एवं भूमि सुधार विभाग की रसीद (ई-चालान) भी थमा दी। जब उन्होंने विभाग के पोर्टल पर स्टेटस चेक किया, तो पता चला कि कोई भुगतान हुआ ही नहीं था। इस मामले में 15 जून को शेक्सपियर सरणी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।

केएमसी अधिकारी बन बिछाया जाल

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, बेहला थाना क्षेत्र के बी.एल. शाह रोड पर वैशाली डालमिया का एक मकान है। इस मकान के म्यूटेशन और बकाया टैक्स के भुगतान के लिए उन्होंने प्रणब कयाल नामक व्यक्ति से संपर्क किया था। प्रणब ने खुद को कोलकाता नगर निगम का अधिकारी बताते हुए आसानी से काम करवाने का दावा किया। इस काम में उसने अपने दो और सहयोगियों को भी शामिल किया था।

मुख्य आरोपी प्रणब ने वैशाली डालमिया को बताया कि म्यूटेशन और टैक्स के मद में भूमि राजस्व विभाग को कुल 4.30 लाख रुपये का भुगतान करना होगा। प्रक्रिया के तहत उन्होंने म्यूटेशन से जुड़े दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी किए। इसके बदले में उन्हें विभाग की मुहर लगी एक 'रसीद' भी दी गई, जिससे उन्हें कोई शक नहीं हुआ। उन्होंने अगले भुगतान की तारीख और बकाया राशि देखने के लिए सरकारी पोर्टल पर दोबारा लॉगिन किया, तो उनके होश उड़ गए। पोर्टल पर बकाया राशि वैसी की वैसी ही दिख रही थी और कोई सरकारी भुगतान दर्ज नहीं था।


SCROLL FOR NEXT