अभिषेक बनर्जी  
कोलकाता सिटी

अभिषेक की CID हाजिरी को लेकर 'अनिश्चितता'

8 जून को इंडिया गठबंधन की बैठक में हो सकते हैं शामिल

कोलकाता : विधानसभा के कथित फर्जी हस्ताक्षर मामले में अभिषेक बनर्जी को एक बार फिर सीआईडी ने तलब किया है। जांच एजेंसी ने उन्हें 8 जून को भवानी भवन में पूछताछ के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया है। हालांकि, इसी दिन दिल्ली में इंडिया गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक भी प्रस्तावित है, जिससे अभिषेक की मौजूदगी को लेकर नयी अटकलें शुरू हो गई हैं।

इससे पहले सीआईडी ने अभिषेक को सोमवार को पूछताछ के लिए बुलाया था लेकिन उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए 15 दिन का समय मांगा था। सूत्रों के अनुसार, उनकी यह मांग स्वीकार नहीं की गई और नयी नोटिस जारी कर 8 जून को पेश होने को कहा गया। दूसरी ओर, भाजपा के खिलाफ विपक्षी एकजुटता को मजबूत करने के उद्देश्य से 8 जून को दिल्ली में इंडिया गठबंधन की बैठक बुलायी गयी है।

राजनीतिक सूत्रों का दावा है कि टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी दोनों इस बैठक में शामिल हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि उनका रविवार 7 जून को ही दिल्ली रवाना होने का कार्यक्रम है। यही वजह है कि अब सवाल उठ रहा है कि अभिषेक सीआईडी के समक्ष पेश होंगे या राष्ट्रीय राजनीति में अपनी भूमिका को प्राथमिकता देते हुए दिल्ली जाएंगे।

फिलहाल तृणमूल कांग्रेस की ओर से इस विषय पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि, विधानसभा के फर्जी हस्ताक्षर मामले की जांच और विपक्षी राजनीति के राष्ट्रीय मंच पर बढ़ती सक्रियता के बीच 8 जून अभिषेक बनर्जी के लिए राजनीतिक और कानूनी दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण दिन साबित हो सकता है।

SCROLL FOR NEXT