कोलकाता : महानगर के एक होटल में दो युवकों को नशीला पदार्थ पिलाकर उनके नकद रुपये और गहने लूट लिये गये। घटना पार्क स्ट्रीट थाना क्षेत्र अंतर्गत एलियट रोड की है। लूटपाट का आरोप दो अज्ञात महिलाओं पर लगा है। आरोप है कि महिलाओं ने जाल में फंसाकर युवकों से लूट को अंजाम दिया।
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार , घटना 23 जुलाई की तड़के 3:00 बजे से 5:00 बजे के बीच की बताई जा रही है। शिकायतकर्ता अपने चचेरे भाई तन्मय सिन्हा के साथ एलियट रोड स्थित होटल में ठहरा हुआ था। इसी दौरान दो अज्ञात महिलाएं भी उनके साथ होटल के कमरे में आईं। आरोप है कि महिलाओं ने मौका देखकर दोनों युवकों के ड्रिंक्स में कोई नशीला पदार्थ मिला दिया। ड्रिंक पीते ही दोनों युवक गहरी नींद में सो गए और अचेत हो गए। युवकों को असहाय स्थिति में छोड़कर दोनों महिलाएं कमरे में रखी 4 हजार रुपये नकद, एक सोने की चेन, सोने की दो अंगूठियां और एक कीमती घड़ी लेकर रफूचक्कर हो गईं। सुध आने पर पीड़ितों को अपने साथ हुई ठगी और चोरी का अहसास हुआ, जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई। पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर अभियुक्तों को तलाश रही है।