दक्षिण 24 परगना : महंगी और स्टाइलिश बाइक चलाने के शौक ने आखिरकार सोनारपुर के दो स्कूली छात्रों को अपराध की राह पर धकेल दिया। पुलिस ने इस मामले में 18 वर्षीय देबायन घोष और उसके एक अन्य किशोर साथी को गिरफ्तार किया है। देबायन ने इसी साल सोनारपुर लायंस स्कूल से उच्च माध्यमिक (12वीं) की परीक्षा दी है और उसके पिता पेशे से इंजीनियर हैं। वहीं, उसका दूसरा साथी सोनारपुर सेंट स्टीफन स्कूल की आठवीं कक्षा का छात्र है और उसके पिता एक पुजारी हैं।
क्या है पूरा मामला
यह घटना पिछले महीने 19 अप्रैल की शाम की है। नरेंद्रपुर के बन-हुगली के रहने वाले सुरेश कोयाल नाम के एक युवक बारुईपुर थाना क्षेत्र के 'टोंगतला हैप्पी वैली पार्क' में अपनी नई यामाहा आर15 मोटरसाइकिल के साथ टिकटॉक वीडियो बना रहे थे। उस समय बाइक स्टार्ट थी। तभी देबायन और उसका किशोर दोस्त वहाँ पहुँचे और बाइक देखने के बहाने अचानक उसे लेकर रफूचक्कर हो गए। सुरेश की शिकायत पर बारुईपुर थाने में चोरी का मामला दर्ज किया गया। मामले की तफ्तीश में जुटी बारुईपुर थाना पुलिस को एक बड़ा सुराग मिला। सुरेश के एक दोस्त के टिकटॉक वीडियो में दोनों आरोपियों की तस्वीरें साफ नजर आ रही थीं। इसी वीडियो फुटेज के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर दोनों को सोनारपुर से धर दबोचा। पुलिस ने उनके पास से चोरी की गई ढाई लाख रुपये कीमत की यामाहा आर15 बाइक भी बरामद कर ली है।