फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

66 करोड़ के सोना-चांदी गबन मामले में दो और गिरफ्तार

शेक्सपियर सरणी के नामी ज्वेलरी शोरूम की घटना

अभियुक्तों को 5 सितंबर तक पुलिस कस्टडी

कोलकाता : शेक्सपियर सरणी स्थित एक नामी ज्वेलरी शोरूम से 66 करोड़ रुपये के सोना और चांदी के गबन के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोलकाता पुलिस के एंटी फ्रॉड सेक्शन के अधिकारियों ने इस मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के नाम श्याम पारेख और सुशील पारेख हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपियों को हुगली जिले के रिसड़ा इलाके से पकड़ा गया है।

फर्जी इनवॉइस बनाकर सोने-चांदी के गहने उड़ाए गए

बुधवार को पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को बैंकशॉल कोर्ट में पेश किया। अदालत में सुनवाई के दौरान सरकारी वकील राधानाथ रंग ने बताया कि शेक्सपियर सरणी की इस प्रसिद्ध ज्वेलरी शोरूम से 60 किलो सोना और 10 किलो चांदी का गबन किया गया था। इस धोखाधड़ी का मुख्य आरोपी शोरूम का ही कर्मचारी अनंत कुमार गुप्ता था, जिसे पुलिस पहले ही बेंगलुरु से गिरफ्तार कर चुकी है। अनंत से पूछताछ के दौरान ही श्याम पारेख और सुशील पारेख की इस साजिश में संलिप्तता का खुलासा हुआ। आरोप है पिछले 3 साल से अनंत ने शोरूम से सोना और चांदी का गबन किया। इसके बाद श्याम और सुशील की मदद से उन्हें बाजार में बेचा करता था। सरकारी वकील ने अदालत को बताया कि फर्जी इनवॉइस बनाकर करीब 66 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने उड़ाए गए थे। मामले की तह तक पहुंचने और आगे की जांच के लिए पुलिस ने दोनों आरोपियों की कस्टडी की मांग की। अदालत ने पुलिस की दलीलों को स्वीकार करते हुए दोनों आरोपियों को 5 सितंबर तक पुलिस कस्टडी में भेजने का निर्देश दिया।

SCROLL FOR NEXT