कोलकाता :बागुईआटी थाना क्षेत्र के देशबंधुनगर में स्थित एक आभूषण दुकान से दिनदहाड़े शातिर ठग लाखों रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए। पीड़ित दुकानदार श्यामपद कुमार पाल ने इस संबंध में स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, 13 फरवरी 2026 को दोपहर लगभग 12:20 बजे दो युवक ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे। उन्होंने दुकानदार से सोने के आभूषण दिखाने को कहा। दुकानदार ने भरोसा करते हुए सोने के विभिन्न आभूषणों से भरा एक डिब्बा काउंटर पर रखा।
इसी दौरान दोनों युवकों ने चालाकी से दुकानदार का ध्यान भटकाया और मौके का फायदा उठाकर आभूषणों से भरा बड़ा डिब्बा उठा लिया। जब तक दुकानदार को घटना का आभास हुआ, तब तक आरोपित दुकान से बाहर निकल चुके थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक पास में खड़ी एक गाड़ी (संभवत: एसयूवी) में बैठकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पीड़ित ने बताया कि चोरी हुए आभूषणों की कीमत लाखों रुपये में आंकी जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। घटना ने इलाके में व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय दुकानदारों ने कहा कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस की सतर्कता और सुरक्षा उपायों में तेजी लाने की जरूरत है।
इस मामले की जांच अभी जारी है, और पुलिस ने इलाके के लोगों से भी सूचना देने की अपील की है ताकि अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़कर न्याय दिलाया जा सके।