सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : तपसिया इलाके में शनिवार की सुबह मां फ्लाईओवर पर एक तेज रफ्तार एसयूवी अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गई और विपरीत दिशा से आ रही एक कार से जा टकराई। हिंदू कब्रिस्तान के पास सुबह करीब आठ बजे हुए इस भीषण हादसे में एलकेजी का एक छात्र अपने माता-पिता के साथ बाल-बाल बच गया। हालांकि, दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पार्क सर्कस की ओर से आ रही एसयूवी का ड्राइवर अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद गाड़ी डिवाइडर पार करते हुए सामने से आ रही कार से भिड़ गई। जोरदार टक्कर के कारण दोनों वाहनों के एयरबैग खुल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया और किसी की जान नहीं गई। हादसे के समय न्यू टाउन निवासी अनिर्बान बनर्जी अपनी पत्नी स्वर्णाली बनर्जी और बेटे के साथ कार से पार्क स्ट्रीट स्थित स्कूल जा रहे थे। बच्चे के स्कूल में शनिवार को परीक्षा परिणाम घोषित होने के साथ अभिभावक-शिक्षक बैठक भी निर्धारित थी। टक्कर में उनकी कार का बायां हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस के मुताबिक, अनिर्बान बनर्जी को शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें इलाज के लिए फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, बच्चे के चेहरे पर चोट और खरोंच आई हैं। हादसे के बाद वह काफी सहमा हुआ है। दूसरी ओर, एसयूवी चालक गोपाल चौधरी, जो राजारहाट के निवासी बताए जा रहे हैं, को एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही तपसिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर थाने ले जाकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में एसयूवी ड्राइवर के वाहन से नियंत्रण खोने की बात सामने आई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसे के वक्त चालक शराब के नशे में तो नहीं था। दुर्घटना के कारण मां फ्लाईओवर और उसके नीचे की सड़क पर यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। करीब एक घंटे तक वाहनों की आवाजाही बाधित रही और लंबा जाम लग गया।