फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

चितपुर में गांजा के साथ महिला सहित दो तस्कर गिरफ्तार

अभियुक्तों के पास से 18 किलो गांजा जब्त

कोलकाता : महानगर में 18 किलो गांजा के साथ कोलकाता पुलिस के एसटीएफ अधिकारियों ने एक महिला सहित दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। घटना चितपुर थाना अंतर्गत दमदम रोड इलाके की है। अभियुक्तों के नाम संतु गायेन और सुमी ओझा हैं। अभियुक्तों के पास से बरामद गांजा की कीमत बाजार में 7.30 लाख रुपये आंकी गई है। रविवार को अभियुक्तों को अदालत में पेश करने पर उन्हें 16 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, कोलकाता पुलिस के एसटीएफ अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि दमदम रोड इलाके में गांजा की तस्करी होने वाली है। उक्त सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी। इस दौरान पुलिस ने एक महिला को रोका। तलाशी के दौरान महिला के पास से 3.70 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, उसने गांजे के पैकेट अपने कपड़ों के नीचे, पेट और जांघों से चिपकाकर छिपा रखे थे। पूछताछ के दौरान वह इसके संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी। जांच में सामने आया कि ओझा यह खेप संतु गायेन को सौंपने के लिए वहां पहुंची थी। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर बरामद गांजा जब्त कर लिया गया। संतु गायेन से पूछताछ के आधार पर एसटीएफ ने रविवार तड़के दूसरी कार्रवाई की। उसकी निशानदेही पर बाबूघाट बस स्टैंड, नॉर्थ पोर्ट थाना क्षेत्र में एक निजी बस ऑपरेटर के काउंटर से एक बोरे में रखा 14 गांठ गांजा बरामद किया गया, जिसका वजन 14.651 किलोग्राम है। पुलिस के अनुसार, यह खेप ओडिशा के भुवनेश्वर से बस के जरिए 11 अप्रैल की सुबह कोलकाता पहुंची थी और इसे गायेन तक पहुंचाया जाना था। इस पूरी कार्रवाई में कुल बरामद गांजे की मात्रा 18 किलोग्राम से अधिक है, जिसकी बाजार कीमत करीब 7.30 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में ड्रग तस्करी के बड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।

SCROLL FOR NEXT