कोलकाता : लेक थाना पुलिस ने 'डिजिटल अरेस्ट' के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के नाम राजा कुमार और सुदीप साहा हैं।
ड्रग्स तस्करी का झूठा आरोप लगाकर फंसाया
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ठगों ने शहर के एक प्रोफेसर को निशाना बनाया था। उन्होंने खुद को कानून प्रवर्तन एजेंसी का अधिकारी बताकर प्रोफेसर को फोन किया और दावा किया कि उनके नाम से विदेश में प्रतिबंधित मादक पदार्थों (ड्रग्स) की तस्करी की जा रही है। आरोपितों ने प्रोफेसर को 'डिजिटल अरेस्ट' की धमकी दी और मामले को रफा-दफा करने के नाम पर उनसे 46 लाख रुपये की मोटी रकम ऐंठ ली। ठगी का अहसास होने पर प्रोफेसर ने लेक थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तकनीकी जांच और बैंक ट्रांजेक्शन की मदद से जाल बिछाकर राजा कुमार और सुदीप साहा को धर दबोचा। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं और क्या इन्होंने अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है। शनिवार को दोनों आरोपितों को अलीपुर अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों और पैसे की बरामदगी के लिए उनकी पुलिस हिरासत की मांग की।