फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

ज्वेलरी शॉप में फर्जी यूपीआई पेमेंट का मैसेज दिखाकर ठगी

श्यामपुकुर थाना इलाके की घटना

कोलकाता : महानगर में बैंक और दुकानदारों को एक साथ चूना लगाने वाले एक शातिर गिरोह का श्यामपुकुर थाना पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम बृजेश साव और सौरभ वर्मा हैं। उनके पास से कई डेबिट कार्ड बरामद किए गए हैं।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, विधान सरणी स्थित एक ज्वेलरी हाउस के मालिक प्राणगोपाल साहा ने अपनी शिकायत में बताया कि पिछले कुछ सप्ताह के दौरान 4 से 5 लोग ग्राहक बनकर उनकी दुकान पर आए। उन्होंने डेबिट कार्ड और यूपीआई पेमेंट के जरिए करीब 2.55 लाख रुपये के आभूषण खरीदे। बाद में बैंक से सूचना मिली कि उक्त लेनदेन की 2.55 लाख रुपये की राशि होल्ड पर डाल दी गई है। इससे ठगी का संदेह होने पर ज्वेलरी हाउस के मालिक ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए श्यामपुकुर थाना के ओसी अरिजीत गांगुली के नेतृत्व में एसआई अतनु मजुमदार और सार्जेंट अभिषेक सिंह ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी गरीब युवकों से डेबिट कार्ड किराये पर लेते थे। उनके खातों में रुपये ट्रांसफर कर उन्हीं कार्डों से महंगे सामान की खरीदारी की जाती थी। इसके बाद कार्ड धारक से साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराकर संबंधित राशि को होल्ड करा दिया जाता था। जब बैंक से राशि वापस मिल जाती थी, तो उसका एक हिस्सा कमीशन के तौर पर कार्ड मालिक को दिया जाता था। इस तरह आरोपी बैंक और दुकानदार दोनों को नुकसान पहुंचाते थे। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों की तलाश कर रही है।


SCROLL FOR NEXT