फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 3.68 करोड़ रुपये की ठगी

हरियाणा से दो आरोपी गिरफ्तार

दीपक,सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर 3.68 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में लालबाजार की साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने हरियाणा से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक तेवतिया और अखिल बंसल के रूप में हुई है। शनिवार को दोनों को बैंकशाल कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें 7 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

क्या है पूरा मामला

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में नवंबर 2024 में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पुलिस अधिकारी बनकर साइबर ठगों ने कोलकाता के एक बुजुर्ग नागरिक को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में फंसाने और डिजिटल अरेस्ट करने की धमकी दी। भय का माहौल बनाकर आरोपियों ने पीड़ित से कुल 3.68 करोड़ रुपये ठग लिए। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ठगी की रकम में से करीब 45 लाख रुपये गिरफ्तार आरोपियों के बैंक खातों में ट्रांसफर किए गए थे। इसके बाद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने तकनीकी जांच और बैंक लेनदेन के आधार पर हरियाणा में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बैंकशाल कोर्ट में सुनवाई के दौरान आरोपियों की ओर से वकील शहजाद हुसैन ने विस्तृत दलीलें पेश करते हुए राहत की मांग की। वहीं, सरकारी पक्ष की ओर से सरकारी वकील अरूप चक्रवर्ती ने अदालत को बताया कि यह एक संगठित साइबर ठगी का मामला है। आरोपियों ने पुलिस अधिकारी बनकर पीड़ित को डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाया और करोड़ों रुपये की ठगी को अंजाम दिया। सरकारी पक्ष ने मामले में अन्य आरोपियों की पहचान, ठगी की रकम के प्रवाह और पूरे साइबर गिरोह के नेटवर्क का पता लगाने के लिए आरोपियों से पूछताछ आवश्यक बताते हुए पुलिस हिरासत की मांग की। दलीलें सुनने के बाद बैंकशाल कोर्ट ने दोनों आरोपियों को 7 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और इस साइबर ठगी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।


SCROLL FOR NEXT