फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

मदद के बहाने एटीएम कार्ड बदलकर 1.98 लाख रुपये की ठगी

वॉटगंज थाने की पुलिस ने दो जालसाजों को पकड़ा

कोलकाता : महानगर में मदद के बहाने एक महिला का एटीएम कार्ड बदलकर जालसाजों ने 1.98 लाख रुपये की ठगी की। घटना वॉटगंज थानांतर्गत डायमंड हार्बर रोड की है। पुलिस ने मामले में दो जालसाजों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के नाम मो.शब्बीर खान और मो.सलमान खान हैं। इनमें से शब्बीर तिलजला और सलमान बिहार के गया का रहनेवाला है। शनिवार को अभियुक्तों को अदालत में पेश करने पर उन्हें 28 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार घटना 14 अगस्त 2025 की है। पीड़ित महिला ने अपनी शिकायत में बताया था कि 14 अगस्त की दोपहर करीब 12:15 से 12:30 बजे के बीच जब वह डी.एच. रोड स्थित एटीएम में रुपये निकालने के लिए पहुंची थी तभी एक अज्ञात व्यक्ति ने एटीएम से नकद निकालने में मदद के बहाने उसे झांसे में लिया। आरोपित ने उससे एटीएम कार्ड लेकर चालाकी से कार्ड बदल दिया और मौके से फरार हो गया। बाद में महिला को पता चला कि उसके पति के बैंक खाते से अलग-अलग किस्तों में कुल 1.98 लाख रुपये की निकासी कर ली गई है। इस प्रकार अभियुक्तों ने आपसी मिलीभगत से एटीएम कार्ड का दुरुपयोग कर महिला को आर्थिक नुकसान पहुंचाया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सभी संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। आगे की जांच में 23 जनवरी 2026 को पुख्ता सबूतों और विश्वसनीय सूचना के आधार पर बेनियापुकुर थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान मोहम्मद शब्बीर खान को जंगली कैफे से पकड़ा गया। उससे मौके पर पूछताछ की गई, जिसमें मामले में उसकी सीधी संलिप्तता सामने आई। उसी दिन अभियुक्त के बयान के आधार पर करया के कैफे डी क्वेस्ट से मोहम्मद सलमान खान को गिरफ्तार किया गया। फिलहाल पुलिस अभियुक्तों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

SCROLL FOR NEXT