कोलकाता सिटी

ट्रंप के करीबी मार्को रुबियो आज कोलकाता में

क्वाड बैठक से पहले भारत दौरे पर मार्को रुबियो, कोलकाता से शुरू होगा कूटनीतिक मिशन

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो आज से 26 मई तक भारत के चार दिवसीय दौरे पर आएंगे। यह उनका भारत का पहला दौरा होगा। इस यात्रा की घोषणा अमेरिकी विदेश विभाग ने की है। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट्ट ने बताया कि अपने दौरे के दौरान रुबियो कोलकाता, आगरा, जयपुर और न्यू दिल्ली जाएंगे। इस दौरान वे भारतीय अधिकारियों के साथ ऊर्जा, सुरक्षा, व्यापार और रक्षा सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे। यूनाइटेड स्टेट्स एसेंब्ली इन न्यू दिल्ली ने बताया कि वें 26 मई को होने वाली क्वाड मंत्रिस्तरीय बैठक में भी शामिल होंगे। इस बैठक में ऑस्ट्रेलिया, जापान, भारत और अमेरिका के विदेश मंत्री हिस्सा लेंगे। बैठक की अध्यक्षता भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर करेंगे। दूतावास ने X पर पोस्ट कर कहा कि वह रुबियो के भारत के पहले दौरे, क्वाड मंत्रिस्तरीय बैठक, उच्चस्तरीय बैठकों और अमेरिका के 250 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों के लिए उनका स्वागत करने को उत्सुक है।

5 घंटे कोलकाता में रहेंगे, विक्टोरिया मेमोरियल भी जाएंगे

कोलकाता में शनिवार को 14 वर्षों बाद पहली बार किसी अमेरिकी विदेश मंत्री का दौरा होने जा रहा है। मारको शहर में लगभग पांच घंटे के संक्षिप्त प्रवास पर पहुंचेंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी विदेश नीति सलाहकार और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार की जिम्मेदारी संभाल रहे रुबियो अपने संक्षिप्त दौरे के दौरान मिशिनरी ऑफ चैरिटी तथा विक्टोरिया मेमोरियल का दौरा कर सकते हैं। इसके बाद वे भारत यात्रा के अगले चरण के लिए रवाना होंगे। भारतीय अधिकारियों के साथ उनकी वार्ता में ऊर्जा सहयोग, व्यापार, रक्षा और क्षेत्रीय सुरक्षा प्रमुख मुद्दे रहेंगे। उनका विमान स्वीडन से सुबह करीब 7:30 बजे कोलकाता हवाईअड्डे पर उतरने की संभावना है। इससे पहले 2012 में तत्कालीन अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने कोलकाता का दौरा किया था और उस समय उन्होंने राइटर्स बिल्डिंग में तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात की थी। रुबियो का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब हाल ही में पश्चिम बंगाल में हुए ऐतिहासिक चुनाव ने 15 साल पुराने शासन का अंत किया है।

ऊर्जा-व्यापार और सुरक्षा पर होगी बड़ी बातचीत

रुबियो का यह दौरा भारत और अमेरिका के बीच बढ़ती रणनीतिक साझेदारी के बीच हो रहा है। भारत रवाना होने से पहले उन्होंने भारत को “महान साझेदार” बताया और दोनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग बढ़ाने की इच्छा जताई। मियामी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए रुबियो ने कहा कि अमेरिका भारत को जितनी ऊर्जा खरीदना चाहे, उतनी बेचने के लिए तैयार है। वैश्विक तेल बाजार में अस्थिरता के बीच भारत की ऊर्जा सुरक्षा से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि अमेरिका से होने वाली ऊर्जा आपूर्ति भारत के ऊर्जा पोर्टफोलियो का बड़ा हिस्सा बने।” उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देशों के बीच अभी कई क्षेत्रों में काम किया जाना बाकी है। उन्होंने भारत के साथ संबंधों को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह यात्रा बेहद अहम है क्योंकि इसमें भारतीय नेताओं के साथ बातचीत और क्वाड समूह के विदेश मंत्रियों के साथ बैठकें शामिल हैं। यह कूटनीतिक गतिविधि 26 मई को न्यू दिल्ली में होने वाली क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक के साथ समाप्त होगी, जिसमें भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्री शामिल होंगे।

SCROLL FOR NEXT