रिजु दत्ता 
कोलकाता सिटी

भाजपा की प्रशंसा पर तृणमूल प्रवक्ता रिजु दत्ता सस्पेंड

भड़के रिजु, पार्टी पर ही उठाए सवाल

कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस ने अपने प्रवक्ता रिजु दत्ता को छह साल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया है। पार्टी की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि वे अनुशासन समिति के समक्ष उपस्थित नहीं हुए, जिसके कारण यह कार्रवाई की गई। हालांकि, रिजु दत्ता ने पार्टी के इस फैसले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

उन्होंने सोशल मीडिया पर दावा किया कि उन्होंने निर्धारित समय के भीतर अपना जवाब तृणमूल भवन में जमा कर दिया था। उनका कहना है कि उनके जवाब पर विचार किए बिना ही निलंबन का निर्णय ले लिया गया। रिजु ने सवाल उठाया कि क्या उन्होंने सच बोलने के कारण उन्हें सस्पेंड किया गया है।

उन्होंने कहा, “मैंने अपने 13 साल पार्टी को दिए, मेहनत की और अपनी क्षमता के दम पर आगे बढ़ा, किसी ‘नेपो किड’ की तरह नहीं।” उन्होंने यह भी कहा कि नोटिस में उल्लेख है कि वे अनुशासन समिति के सामने उपस्थित नहीं हुए, जबकि उन्होंने समय पर अपना जवाब जमा कर दिया था।

निलंबन के बाद उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा, “धन्यवाद ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस, फिर मिलेंगे।” फिलहाल उन्होंने अपने अगले कदम को लेकर कोई घोषणा नहीं की है।

आरोप है कि विधानसभा चुनाव के बाद तृणमूल के निलंबित प्रवक्ता रिजु दत्ता ने भाजपा नेताओं की प्रशंसा की थी। उन्होंने कहा था कि उस समय भाजपा नेताओं ने उन्हें सहयोग और सुरक्षा प्रदान की थी तथा तनावपूर्ण हालात में उनकी मदद की थी।

SCROLL FOR NEXT