सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कोलकाता नगर निगम के वार्ड नंबर 42 के तृणमूल कांग्रेस पार्षद महेश कुमार शर्मा के खिलाफ अवैध कब्जा, चोरी और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के गंभीर आरोप लगे हैं। बड़ाबाजार के तुला पट्टी स्थित 117 एवं 115, उत्कल मणि गोपबंधु सरणी के सह-मकान मालिक प्रतीक चूड़ीवाल ने इस संबंध में पोस्ता थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वर्ष 2021 से लगातार कथित रूप से पार्षद के संरक्षण में परिसर के कॉमन पैसेज पर अवैध कब्जा किया जा रहा था। आरोप है कि बिना किसी कानूनी अनुमति या नोटिस के वहां लगा लोहे का गेट तोड़कर हटा दिया गया और बाद में उसे चोरी कर लिया गया।
शिकायत में कहा गया है कि मकान पर जबरन कब्जा कर तृणमूल कांग्रेस का पार्टी कार्यालय बना दिया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस घटना से मकान में रहने वाले लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल उत्पन्न हो गया है। प्रतीक चूड़ीवाल ने पुलिस से मामले में तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही चोरी हुए लोहे के गेट की बरामदगी, परिसर की पूर्व स्थिति बहाल करने तथा अभियुक्तों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की अपील की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत की प्रतिलिपि राज्य के मुख्यमंत्री, कोलकाता पुलिस आयुक्त, संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध), संबंधित पुलिस अधिकारियों तथा कोलकाता नगर निगम आयुक्त को भी भेज दी गई है। शिकायत के आधार पर पोस्ता थाना पुलिस मामले की प्रारंभिक जांच में जुटी हुई है।