फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

राजमार्गों पर ई-रिक्शा के संचालन पर सख्ती के निर्देश

परिवहन सचिव ने डीजीपी को भेजा पत्र

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राज्य के परिवहन विभाग ने शनिवार को पुलिस को निर्देश दिया कि राजमार्गों और अन्य प्रमुख सड़कों पर ई-रिक्शा, जिन्हें आमतौर पर ‘टोटो’ कहा जाता है, के संचालन पर लगे प्रतिबंधों को सख्ती से लागू किया जाए। परिवहन विभाग के प्रधान सचिव रवि इंदर सिंह ने पुलिस को लिखे पत्र में कहा कि ई-रिक्शा मुख्य रूप से ‘अंतिम छोर तक परिवहन सुविधा’ उपलब्ध कराने के लिए हैं और मौजूदा दिशानिर्देशों के तहत प्रमुख सड़कों पर इनके संचालन पर प्रतिबंध है। विभाग ने कहा कि उसे निर्धारित दिशानिर्देशों का उल्लंघन करते हुए राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य राजमार्गों और अन्य प्रमुख सड़कों पर ई-रिक्शा चलाए जाने की कई शिकायतें मिली हैं। विभाग ने कहा कि इससे यातायात जाम की समस्या पैदा हो रही है और सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं। विभाग ने 28 जुलाई 2016 को जारी राज्य सरकार के एक ज्ञापन का भी हवाला दिया, जिसके तहत ई-रिक्शा को केवल निर्धारित स्थानीय सड़कों पर चलने की अनुमति दी गई थी। इसके अलावा, विशेष अनुमति के बिना राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य राजमार्गों और अन्य प्रमुख सड़कों पर इनके संचालन पर प्रतिबंध लगाया गया था। पत्र में कहा गया, ‘अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए सभी अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।’ इसमें यह भी कहा गया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम, 1988 और उसके तहत बनाए गए नियमों के अनुसार उचित कार्रवाई की जा सकती है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि परिवहन विभाग ने पुलिस से इस मामले को तत्काल आधार पर गंभीरता से लेने का आग्रह किया है।

उन्होंने कहा कि विभाग के पास राज्य के विभिन्न कस्बों और गांवों में चल रहे ई-रिक्शा की संख्या का कोई आंकड़ा नहीं है, लेकिन यह संख्या कई हजार तक हो सकती है।


SCROLL FOR NEXT