सीडब्ल्यूबीटीए ने जताई चिंता 
कोलकाता सिटी

ऑनलाइन छूट से पारंपरिक कारोबार प्रभावित, सीडब्ल्यूबीटीए ने जताई चिंता

ऑनलाइन और ऑफलाइन बाजारों में कीमतों का बड़ा अंतर पारंपरिक खुदरा कारोबारियों के लिए बन रहा चुनौती

Ravi

कोलकाता : पश्चिम बंगाल व्यापार संघों के परिसंघ (सीडब्ल्यूबीटीए) ने त्योहारी सीजन में ई-कॉमर्स कंपनियों की भारी छूट और ऑनलाइन बिक्री में तेजी पर चिंता जताई है। संगठन के अनुसार, ऑनलाइन और ऑफलाइन बाजारों में कीमतों का बड़ा अंतर पारंपरिक खुदरा कारोबारियों के लिए चुनौती बन रहा है।

सीडब्ल्यूबीटीए के अध्यक्ष सुशील पोद्दार ने दावा किया कि त्योहारी सीजन के शुरुआती दो दिनों में ई-कॉमर्स कंपनियों ने करीब 24,000 करोड़ रुपये की बिक्री की। उन्होंने कहा कि किराया, कर्मचारियों का वेतन, बिजली, कर और भंडारण जैसे खर्च उठाने वाले स्थानीय दुकानदारों के लिए ऑनलाइन कीमतों से मुकाबला करना मुश्किल हो रहा है।

संगठन ने सरकार और संबंधित प्राधिकरणों से मूल्य अंतर की समीक्षा करने तथा समान उत्पादों के लिए पारदर्शी मूल्य व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने भी निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा पर जोर दिया। सीडब्ल्यूबीटीए के अध्यक्ष सुशील पोद्दार ने उपभोक्ताओं से स्थानीय दुकानों और पारंपरिक बाजारों से खरीदारी करने की अपील की, ताकि क्षेत्रीय व्यापार को मजबूती मिल सके।

SCROLL FOR NEXT