फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

पार्क स्ट्रीट में देर रात दो युवतियों से छेड़छाड़

पुलिस को देख बाइक सवार फरार

कोलकाता: शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके पार्क स्ट्रीट में शनिवार देर रात दो युवतियों के साथ यौन उत्पीड़न और बदसलूकी की घटना सामने आई है। बाइक सवार दो युवकों ने काफी देर तक युवतियों का पीछा किया और विरोध करने पर उनके साथ सरेराह छेड़खानी की। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

होटल से निकलते ही शुरू हुई छेड़खानी

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना रात करीब 1:20 बजे की है। दो युवतियां पार्क स्ट्रीट स्थित एक नामी होटल के डिस्को से अपनी पार्टी खत्म कर घर जाने के लिए निकली थीं। वे होटल के गेट पर ही कैब का इंतजार कर रही थीं, तभी एक बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने युवतियों पर भद्दे कमेंट्स किए और अश्लील इशारे करने लगे। जब युवतियों ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपियों ने उन्हें जबरन बाइक पर बैठने को कहा और गाली-गलौज की।

सुनसान सड़क पर पीछा कर किया यौन उत्पीड़न

कैब न मिलने के कारण युवतियां रसेल स्ट्रीट की ओर पैदल ही बढ़ने लगीं। रात करीब 1:35 बजे वे दोनों युवक दोबारा बाइक लेकर वहां आ धमके। सुनसान सड़क का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने युवतियों को घेर लिया और फिर से बाइक पर बैठने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर एक युवक ने एक युवती के साथ शारीरिक बदसलूकी और यौन उत्पीड़न किया। अपनी गरिमा बचाने के लिए युवतियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पास ही गश्त कर रही पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुँच गई। पुलिस को आता देख आरोपी बाइक की रफ्तार बढ़ाकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद एक पीड़िता ने पार्क स्ट्रीट थाने में छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।


SCROLL FOR NEXT