फूलों की सुंदर सजावट से सुसज्जित भूतनाथ मंदिर 
कोलकाता सिटी

आज महाशिवरात्रि : सज–धज कर तैयार शिवालय

मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है और भक्तों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किये गये हैं।

कोलकाता : महादेव की उपासना और साधना का पावन पर्व महाशिवरात्रि आज पूरे भक्तिभाव के साथ मनायी जा रही है। शनिवार की देर रात से ही कोलकाता और आसपास के इलाकों के शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। चारों ओर “बम–बम भोले” और ''हर हर महादेव'' के जयकारे गूंज रहे हैं और भक्त शिवलिंग पर जल, दूध और बेलपत्र अर्पित कर सुख–समृद्धि की कामना कर रहे हैं। महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या से ही मंदिरों में उत्सव जैसा माहौल था। शिवालयों को फूलों, दीयों और रंगीन लाइटों से सजाया गया, वहीं भजनों और कीर्तन की मधुर धुनों में श्रद्धालु भक्ति में डूबे रहे। महाशिवरात्रि को लेकर कोलकाता का ऐतिहासिक भूतनाथ मंदिर विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है और भक्तों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किये गये हैं। इसके अलावा तारकेश्वर, मोटा महादेव मंदिर, दक्षिणेश्वर और भू कैलाश मंदिर समेत अन्य शिवालयों को भी रोशनियों और फूलों से सजाया गया है। भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। भूतनाथ मंदिर पहुंचे एक श्रद्धालु ने कहा कि हम वर्षों से यहां आते हैं। भोलेनाथ की कृपा से हमारी हर मनोकामना पूरी होती है।

SCROLL FOR NEXT