रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना : दक्षिण 24 परगना जिले में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों ने उत्साह के साथ अपने नामांकन पत्र दाखिल किए और आगामी चुनाव में जीत का भरोसा जताया। टॉलीगंज से उम्मीदवार अरूप विश्वास ने अलीपुर स्थित ट्रेजरी बिल्डिंग में नामांकन जमा किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वे भारी मतों से जीत दर्ज करेंगे और क्षेत्र में विकास कार्यों को और गति देंगे। नामांकन के बाद उन्होंने समर्थकों का अभिवादन स्वीकार किया। इस मौके पर तृणमूल समर्थकों में उत्साह देखा गया। कसबा विधानसभा सीट से उम्मीदवार जावेद अहमद खान ने भी अलीपुर ट्रेजरी बिल्डिंग में नामांकन दाखिल किया। उन्होंने अपनी उम्मीदवारी पर खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है और वे जीत को लेकर आश्वस्त हैं। सतगछिया विधानसभा क्षेत्र से नवनियुक्त उम्मीदवार सोमाश्री बेताल ने नामांकन भरते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता उनके साथ है और वे भारी मतों से विजयी होंगी। उन्होंने विकास और जनसेवा को अपनी प्राथमिकता बताया। वहीं विष्णुपुर सीट से उम्मीदवार दिलीप मंडल ने अलीपुर न्यू एडमिनिस्ट्रेटिव बिल्डिंग में अपना नामांकन दाखिल किया। सभी उम्मीदवारों ने एक सुर में कहा कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध हैं और क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगे।