सतीश, सन्मार्ग संवाददाता
हुगली : श्रीरामपुर में तृणमूल कांग्रेस की ओर से आयोजित “उन्नयन यात्रा” में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। तृणमूल कांग्रेस के आह्वान पर यह रैली रिसड़ा के मैत्री पथ से शुरू होकर जीटी रोड होते हुए श्रीरामपुर के बटतला तक पहुंची। इस यात्रा में विधायक अरिंदम गुइन, रिसड़ा पालिका के चेयरमैन विजय सागर मिश्रा, श्रीरामपुर नगरपालिका के चेयरमैन गिरधारी साहा सहित हजारों लोग शामिल हुए। रैली में युवा और महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी खास तौर पर नजर आई। वहीं रिसड़ा से भी बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल हुए। रैली के दौरान तृणमूल के झंडे, फेस्टून और बैनर लहराते रहे तथा “ममता बनर्जी जिंदाबाद”, “अभिषेक बनर्जी जिंदाबाद” और “तृणमूल कांग्रेस जिंदाबाद” के नारे लगाए गए। भाजपा की परिवर्तन यात्रा से एक दिन पहले आयोजित लगभग ढाई किलोमीटर लंबी “उन्नयन यात्रा” को बटतला तक पहुंचने में करीब तीन घंटे लगे। रिसड़ा पालिका के चेयरमैन विजय सागर मिश्रा ने कहा कि ममता बनर्जी ने राज्यवासियों के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं, जिससे आम लोगों का विकास हो रहा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य को एक नई विकास दिशा मिली है, जो अन्य राज्यों के लिए भी उदाहरण बन रही है। उन्होंने कहा कि इसी कारण बड़ी संख्या में समर्थक इस “उन्नयन यात्रा” (विकास यात्रा) में शामिल हुए।