राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : वार्डों के परिसीमन के मुद्दे को लेकर कालीघाट तृणमूल कांग्रेस के विधायक कुणाल घोष ने बुधवार को नगर निगम की कमिश्नर स्मिता पांडेय से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कुणाल घोष ने परिसीमन की प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्तियां और मांगें नगर निगम प्रशासन के समक्ष रखीं। ज्ञापन सौंपने के बाद मीडिया से बातचीत में कुणाल घोष ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे परिसीमन के एक कथित ड्राफ्ट का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर घूम रहे इस ड्राफ्ट में कई महत्वपूर्ण जानकारियों का अभाव है। ऐसे में केवल इस ड्राफ्ट के आधार पर परिसीमन को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। उन्होंने मांग की कि परिसीमन की प्रक्रिया शुरू करने से पहले सभी संबंधित पक्षों की जनसुनवाई कराई जाए। इसके साथ ही उन्होंने सर्वदलीय बैठक आयोजित करने की भी मांग रखी, ताकि सभी राजनीतिक दलों को अपनी राय और सुझाव रखने का अवसर मिल सके। कुणाल ने कहा कि आने वाले दिनों में वह शहरी विकास मंत्रालय के अतिरिक्त मुख्य सचिव से भी मुलाकात करेंगे और परिसीमन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इस अवसर पर वैश्वानर चट्टोपाध्याय और रत्ना सुर भी मौजूद थे।