सतीश, सन्मार्ग संवाददाता
हुगली : चुंचुड़ा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सुगंधा ग्राम पंचायत की तृणमूल सदस्य अपर्णा पात्र करीब डेढ़ साल से बीमार हैं और घर पर अस्पताल जैसी स्थिति में बिस्तर पर पड़ी हुई हैं। अब तक उन्हें कोई राहत नहीं मिल सकी है। पीड़ित सदस्य अपर्णा पात्र के पिता रबिन माजी का आरोप है कि स्वास्थ्य साथी कार्ड होने के बावजूद उन्हें कोई लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने निवर्तमान तृणमूल विधायक असित मजुमदार पर भी आरोप लगाया कि उन्होंने उन्हें घर से भगा दिया था। परिवार का दावा है कि डॉक्टरों की लापरवाही के कारण ही उनकी बेटी की यह स्थिति हुई है। बेटी को बचाने के प्रयास में पिता पहले ही अपनी गाड़ी और जमीन तक बेच चुके हैं। मां बबीता माजी की आंखों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि सुगंधा क्षेत्र में टोटन पात्र के साथ उनकी बेटी की शादी हुई थी। 6 जनवरी 2025 को अपर्णा ने एक बेटी को जन्म दिया, जिसके बाद से उसकी शारीरिक हालत लगातार बिगड़ती चली गई। आर्थिक तंगी के कारण दवाइयां खरीदना भी मुश्किल हो गया है। पीड़िता तृणमूल सदस्य का घर सप्तग्राम विधानसभा क्षेत्र के महानाद दक्षिणपाड़ा में स्थित है। सप्तग्राम के भाजपा प्रत्याशी स्वराज घोष अपने कार्यकर्ताओं के साथ पीड़ित सदस्य के घर पहुंचे और आश्वासन दिया कि अपर्णा के इलाज में हर संभव मदद करेंगे। स्वराज घोष ने कहा, “मानवता सबसे बड़ी है। मैं भाजपा का उम्मीदवार हूं, लेकिन मेरा कर्तव्य है कि दुख में पड़े लोगों के साथ खड़ा रहूं, चाहे वे किसी भी दल के हों। मैं अपने कर्तव्य को निष्ठा से निभाऊंगा। पीड़िता मेरी बहन के समान है और मैं हर संभव उसकी सहायता करूंगा।” उन्होंने पूर्व विधायक असित मजुमदार पर निशाना साधते हुए कहा, “अपनी ही पार्टी के एक सदस्य के साथ खड़े नहीं हो पा रहे हैं और बड़ी-बड़ी बातें करते हैं।” साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि तृणमूल के कथित भ्रष्टाचार को अब जनता समझ चुकी है और आम लोग समय का इंतजार कर रहे हैं, जब टीएमसी को सत्ता से हटाया जाएगा।