सतीश, सन्मार्ग संवाददाता
हुगली : जिले में तृणमूल कांग्रेस की सांसद रचना बनर्जी के चुनाव एजेंट रहे वरिष्ठ तृणमूल नेता सुभाष घड़ा पर जानलेवा हमला होने से जिले की राजनीति में हलचल मच गई है। इस हमले में सुभाष गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वह पोलबा-दादपुर ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष भी हैं। घटना के बाद उन्हें चुंचुड़ा स्थित इमामबाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना उस समय घटी जब सुभाष बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह दादपुर थाना क्षेत्र के मोशोर गांव के पास पहुंचे, तभी 62 वर्षीय एक बुजुर्ग व्यक्ति ने अचानक उनकी बाइक रोक ली। इससे पहले कि सुभाष कुछ समझ पाते, आरोपित ने हाथ में लिए बांस से उन पर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हमले के दौरान सुभाष ने खुद को बचाने की कोशिश की। उनके सिर पर हेलमेट होने के कारण वह किसी बड़ी दुर्घटना से बच गए, लेकिन आंख के नीचे गंभीर चोट लगी है। इसके अलावा उनके दाहिने हाथ में भी गंभीर चोट आई है, जिससे उन्हें काफी दर्द और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घटना की सूचना मिलते ही दादपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल तृणमूल नेता को तुरंत उद्धार कर अस्पताल भेजा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित बुजुर्ग को हिरासत में ले लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपित मानसिक रूप से असंतुलित है। उसके परिवार के सदस्यों ने पुलिस को बताया कि उसका पहले भी बर्दवान मेडिकल कॉलेज में मानसिक बीमारी का इलाज चल चुका है। अब उसे दोबारा वहीं मानसिक उपचार के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। इस घटना के बाद तृणमूल कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखा जा रहा है। पार्टी नेताओं ने घायल नेता के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।