सांके‌तिक तस्वीर  
कोलकाता सिटी

रंगदारी वसूलने के आरोप में तृणमूल नेता गिरफ्तार

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

दक्षिण 24 परगना : रंगदारी वसूलने के आरोप में पुलिस ने एक तृणमूल नेता को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तृणमूल नेता का नाम इंद्रजीत सरदार है और वह ईंटखाेला ग्राम पंचायत का उपप्रधान है। पुलिस ने अभियुक्त को कोलकाता से हथियार और कारतूस के साथ पकड़ा है। गिरफ्तार अभियुक्त को पुलिस जब कैनिंग थाने से अदालत ले जा रही थी, तभी थाने के बाहर मौजूद प्रदर्शनकारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उसके खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और उस पर अंडे फेंके। घटना के बाद थाने के बाहर कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार की सुबह से ही कैनिंग थाने के बाहर भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय लोग जमा होने लगे थे। जब पुलिस गिरफ्तार इंद्रजीत सरदार को थाने से बाहर लेकर आई, तब भीड़ ने "चोर-चोर" के नारे लगाने शुरू कर दिए। प्रदर्शनकारियों को हाथ में अंडे लिए देखकर आरोपी तेजी से पुलिस वाहन की ओर बढ़ा, लेकिन कुछ लोगों ने उसके सामने आकर विरोध जताया। इसी दौरान पीछे से प्रदर्शनकारियों ने उसके सिर पर कच्चे अंडे फेंके। पुलिस बल की तैनाती के बावजूद स्थिति को नियंत्रित करने में कुछ समय लगा। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इंद्रजीत इलाके में दबंगई करता था। उनका दावा है कि वह आम लोगों को धमकाने, जबरन वसूली, कथित कटमनी वसूलने, मारपीट करने और अवैध हथियार रखने जैसी गतिविधियों में शामिल रहा है। इसके अलावा वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा में भी उसके खिलाफ कई शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस साल विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद से इंद्रजीत फरार चल रहा था।

SCROLL FOR NEXT