फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

गर्भवती महिला के पेट में लात मारने के आरोप में टीएमसी नेता अंजन दास गिरफ्तार

हत्या के प्रयास और छेड़छाड़ का आरोप, अभियुक्त की पत्नी वार्ड 129 की पूर्व पार्षद थी

कोलकाता : पर्णश्री थाने की पुलिस ने कालीघाट खेमे के करीबी एक वरिष्ठ तृणमूल कांग्रेस नेता अंजन दास को गिरफ्तार किया है। वह कोलकाता नगर निगम की पूर्व टीएमसी पार्षद संहिता दास के पति हैं। अंजन दास को शुक्रवार की रात उनके आवास से गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि एक गर्भवती महिला के पेट में लात मारने के आरोप में उन्हें पकड़ा गया है।

क्या है पूरा मामला?

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, साल 2020 में रवींद्रनगर के निवासी सुशांत घोष नामक व्यक्ति की शिकायत पर अंजन दास और उनके छह अन्य सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। साल 2021 में पुलिस ने अलीपुर कोर्ट में इस मामले की अंतिम रिपोर्ट भी सौंप दी थी। इस बीच कुछ दिनों पहले सुशांत घोष की पत्नी ने अपनी शिकायत और अदालत में दिए बयान में आरोप लगाया कि गर्भावस्था के दौरान अंजन ने उनके पेट पर लात मारी थी। उन्होंने यह भी कहा कि आरोपी बार-बार उनके घर आकर परिवार को जान से मारने की धमकी देते थे और डर का माहौल बना दिया था। शिकायत के अनुसार, लगातार उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना के कारण उनके ससुर गंभीर अवसाद में चले गए और मानसिक तनाव से परेशान होकर आत्महत्या का प्रयास किया। अदालत के आदेश पर दोबारा जांच शुरू होने के बाद पुलिस ने 1 जुलाई 2020 के चिकित्सा रिकॉर्ड जब्त किए और दोनों शिकायतकर्ताओं के बयान अदालत में दर्ज कराए। पुलिस के मुताबिक, नए बयानों में हत्या के प्रयास और महिला से छेड़छाड़ से जुड़े आरोप सामने आने के बाद अंजन दास को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त अंजन दास टीएमसी के एक प्रभावशाली नेता रहे हैं। वह तीन बार पार्षद चुने गए थे और कोलकाता नगर निगम के बोरो-14 के चेयरमैन भी रह चुके हैं। वर्तमान में वार्ड 129 से उनकी पत्नी संहिता दास पार्षद रही है।


SCROLL FOR NEXT