प्रसेनजीत
कोलकाता : महानगर के नंदन सभागार में 2026 कोलकाता चाइना फिल्म फेस्टिवल का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर चीनी महावाणिज्य दूत जू वेई ने “सिटी ऑफ जॉय” में उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए भारत और चीन के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि सिनेमा भाषा और सीमाओं से परे एक सेतु का कार्य करता है। जिस तरह भारतीय फिल्में चीन में पसंद की जाती हैं, उसी तरह चीनी फिल्में भी भारत में सराही जाती हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में कोलकाता इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल और चिल्ड्रन फिल्म फेस्टिवल को लगातार समर्थन दिया गया है।
इस बार फेस्टिवल में सात चीनी फिल्में प्रदर्शित की जा रही हैं, जिनमें मानवीय भावनाओं, महिलाओं की कहानियों, युवाओं की आकांक्षाओं और प्राचीन चीनी मिथकों को दर्शाया गया है। उद्घाटन फिल्म ‘Xuan Zang’ एक भारत-चीन का संयुक्त निर्माण है, जो नालंदा यात्रा पर आधारित है।
जू वेई ने भारत-चीन संबंधों में सुधार और बढ़ते सांस्कृतिक आदान-प्रदान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह फिल्म महोत्सव दोनों देशों के बीच आपसी समझ और मित्रता को मजबूत करेगा। उन्होंने कोलकाता को कला और सिनेमा की भूमि बताते हुए भविष्य में अधिक सह-निर्माण और सांस्कृतिक सहयोग की उम्मीद जताई। यह तीन दिवसीय महोत्सव 19 अप्रैल तक चलेगा।