फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

कोरियर से मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार

अभियुक्तों के पास से 19 फोन बरामद

कोलकाता : ट्रांजिट के दौरान कोरियर खेप से मोबाइल उड़ाने वाले एक संगठित आपराधिक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 19 फोन बरामद कर लिए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 5.54 लाख रुपये है।

यह मामला 18 नवंबर 2025 को कोरियर से मोबाइल गायब होने की शिकायत के बाद दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि यह मामला न्यू अलीपुर थाना क्षेत्र में दर्ज केस से सीधा जुड़ा हुआ है। दोनों ही घटनाओं को एक ही तरीके से अंजाम दिया गया था, जिससे किसी संगठित गिरोह की संलिप्तता का संदेश स्पष्ट हो गया। मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए जांच टीम ने तकनीकी विश्लेषण और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का सहारा लिया। कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस ने इस साजिश का पर्दाफाश किया और तीन मुख्य आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि कोरियर कंपनी के वर्तमान और पूर्व कर्मचारियों ने मिलकर चोरी के सामान के खरीदारों के साथ सांठगांठ की थी। इन लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रांजिट के दौरान मोबाइल चोरी किए और बाद में उन्हें बाजार में खपाने की साजिश रची। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि 19 मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए हैं और बाकी बचे 4 फोनों की तलाश जारी है। इस गिरोह से जुड़े अन्य सहयोगियों की गिरफ्तारी और नेटवर्क का पूरी तरह खात्मा करने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।


SCROLL FOR NEXT