सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बैंक एटीएम से धोखाधड़ी के जरिए पैसे उड़ाने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दिल्ली पुलिस की टीम ने कोलकाता से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।आरोपियों की पहचान भरत विशाल, इंद्रजीत कुमार और विराज कुमार के रूप में हुई है। तीनों बिहार के जहानाबाद के निवासी हैं। आरोपियों के पास से 62 एटीएम कार्ड, 10 सिम कार्ड, 14 मोबाइल फोन और वित्तीय लेन-देन में इस्तेमाल होने वाली 8 पीओएस (पॉइंट ऑफ सेल) मशीनें बरामद की गई हैं।
सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने एक्सिस बैंक, केनरा बैंक और बंधन बैंक के एटीएम से अवैध तरीके से पैसे निकाले थे। गत 3 सितंबर को दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम जिला साइबर थाने में दर्ज एक प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। जांच के सिलसिले में शुक्रवार को सब-इंस्पेक्टर नीरज काकरानिया के नेतृत्व में दिल्ली पुलिस की चार सदस्यीय टीम कोलकाता पहुंची। दिल्ली पुलिस ने स्थानीय पूर्व जादवपुर थाने की पुलिस के सहयोग से इलाके के सीसीटीवी की फुटेज खंगाली और आरोपियों की पहचान कर उन्हें धर दबोचा। पुलिस अब यह पता कर रही है कि आरोपियों को इतनी बड़ी संख्या में एटीएम कार्ड कहां से मिले, धोखाधड़ी का तरीका क्या था और क्या इस गिरोह के तार किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े हैं।