कोलकाता : महेशतल्ला में बैठकर अमरीकी नागरिकों से ठगी करने वाले गिरोह का कोलकाता पुलिस के साइबर क्राइम थाने के अधिकारियों ने भंडाफोड़ किया है। घटना महेशतल्ला थानांतर्गत बाटा इलाके की है। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के नाम अकरम हुसैन, नूर अमन हुसैन और मो.जिदानुद्दीन हैं। अभियुक्तों के पास से मोबाइल, तीन लैपटॉप और 6 हजार रुपये बरामद किये गये हैं।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, आरोपित बाटा स्थित फर्जी कॉल सेंटर से वीओआईपी कॉल के जरिए अमेरिकी नागरिकों को एक नामी कंपनी के नाम पर तकनीकी सहायता देने का झांसा देते थे। इसके बाद वे पीड़ितों से उनके बैंक खातों से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर भारी मात्रा में विदेशी मुद्रा की ठगी करते थे। यह लोग हवाला के माध्यम से ठगी की रकम कोलकाता लाते थे। कोलकाता में हवाला कारोबार काफी फैला हुआ है। इस संबंध में पहले ही शिकायत दर्ज कराई गई थी। शुक्रवार को पुलिस ने तीनों आरोपितों को बैंकशाल अदालत में पेश किया। सरकारी वकील अरूप चक्रवर्ती ने पुलिस हिरासत की मांग की। अदालत ने आरोपितों को 30 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में पुलिस पहले ही पांच अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है।