फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

एमएलए का टिकट दिलाने के नाम पर ठगी, तीन गिरफ्तार

शेक्सपियर सरणी थाना इलाके की घटना

कोलकाता : आगामी विधानसभा चुनाव में एमएलए का टिकट दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये ठगने के मामले में पुलिस ने और तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना शेक्सपियर सरणी थाना इलाके की है। अभियुक्तों के नाम अजहर अली मियां, संजीव कुमार माल और राजू बाउरी हैं। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने धर्मतल्ला इलाके से इन तीनों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपितों का घर पुरुलिया और बीरभूम जिले में बताया जा रहा है। इससे पहले इसी मामले में रत्नदीप महतो को गिरफ्तार किया गया था। उस पर आरोप है कि उसने एमएलए का टिकट दिलाने का झांसा देकर 2 लाख 70 हजार रुपये ठग लिये थे। शनिवार को गिरफ्तार तीनों आरोपितों को बैंकशाल अदालत में पेश किया गया। सरकारी वकील अरूप चक्रवर्ती ने अदालत में बताया कि एमएलए का टिकट दिलाने के लिए कुल 40 लाख रुपये की मांग की गई थी। इनमें से 2 लाख 70 हजार रुपये रत्नदीप महतो ने पहले ही ले लिये थे। बाद में बाकी रकम लेने के लिए यह तीनों आरोपित पहुंचे थे। पुलिस ने बताया कि पैसे लेने के दौरान ही अजहर अली मियां, संजीव कुमार माल और राजू बाउरी को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। जांच के दौरान पुलिस ने तीन मोबाइल फोन और विभिन्न बैंकों से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए हैं। पुलिस इस पूरे गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाने के लिए आरोपितों से पूछताछ करना चाहती है। इसलिए अदालत से पुलिस हिरासत की मांग की गई थी। अदालत ने तीनों आरोपितों को 19 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है।


SCROLL FOR NEXT