फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

मुस्कुराते हुए आए, 2.50 लाख के कीमती पत्थर लेकर निकल गए!

बेहला में 'बंटी-बबली' कपल ने ज्वेलर को लगाया चूना, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

दीपक,सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : बेहला के राय बहादुर रोड स्थित एक ज्वेलरी दुकान में गुरुवार दोपहर एक शातिर कपल ने ऐसी ठगी को अंजाम दिया कि दुकान मालिक और कर्मचारी काफी देर तक इसकी भनक तक नहीं लगा सके। खुद को ज्वेलरी कारोबारी बताकर आए इस कथित पति-पत्नी ने बिज़नेस डील की आड़ में करीब 2.50 लाख रुपये कीमत का एक पुराना बर्मा रूबी और एक ज़ाम्बियन पन्ना लेकर फरार हो गए।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, कपल ने दुकान मालिक से कहा कि उनकी ज्वेलरी शॉप पर ग्राहकों कीमती पत्थरों की भी मांग करते हैं। इसलिए वे अपने कारोबार में रूबी, पन्ना और अन्य जेमस्टोन शामिल करना चाहते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि वे बेहाला की इस प्रतिष्ठित दुकान से पत्थर खरीदकर अपनी दुकान में बेचेंगे और लंबे समय तक व्यापारिक संबंध रखना चाहते हैं। बातचीत के दौरान दोनों ने दुकान में मौजूद कई कीमती पत्थर देखने की इच्छा जताई। उनकी सहज बातचीत और मुस्कुराते व्यवहार से किसी को भी उन पर शक नहीं हुआ। कर्मचारी उन्हें एक-एक कर महंगे पत्थर दिखाते रहे और उनकी कीमत बताते रहे। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान दोनों ने कर्मचारियों का ध्यान बातचीत में उलझाए रखा और मौका मिलते ही एक बर्मा रूबी तथा एक ज़ाम्बियन पन्ना चुपचाप गायब कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि उस समय किसी को चोरी का एहसास तक नहीं हुआ। पत्थर देखने के बाद कपल ने कहा कि वे जल्द ही नकद भुगतान के साथ दोबारा आकर बड़ी खरीदारी करेंगे। इसके बाद वे आराम से दुकान से निकल गए। घटना का खुलासा कई घंटे बाद तब हुआ, जब दुकान बंद करते समय स्टॉक की गिनती की गई। जांच में करीब 2.5 लाख रुपये कीमत के दोनों कीमती पत्थर गायब मिले। शक होने पर दुकान मालिक ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला, जिसमें कथित तौर पर कपल की हरकतें दिखाई दीं। इसके बाद बेहला पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि जिस ज्वेलरी दुकान का नाम बताकर कपल ने अपनी पहचान दी थी, वह या तो फर्जी है या फिर उसका इन दोनों से कोई संबंध नहीं है। फिलहाल पुलिस इस शातिर 'बंटी-बबली' जोड़ी की तलाश में जुटी है।

SCROLL FOR NEXT