कोलकाता : धर्मतल्ला स्थित एक प्रतिष्ठित होटल के कमरे से एक बांग्लादेशी परिवार के हजारों रुपये नकद और कीमती गहने चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार को धर्मतल्ला के एक होटल की है। न्यू मार्केट थाना पुलिस लालबाजार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बांग्लादेश के ढाका का रहने वाला एक व्यक्ति अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ वैध वीजा पर कोलकाता आया था। वे होटल की नौवीं मंजिल पर ठहरे हुए थे। शुक्रवार सुबह पूरा परिवार खरीदारी के लिए न्यू मार्केट गया था। दोपहर में जब वे होटल के कमरे में लौटे, तो देखा कि उनके बैग से 50 हजार रुपये नकद और महिला के कुछ गहने गायब थे। पीड़ित परिवार का दावा है कि जब वे बाहर गए थे, तब कमरे का ताला ठीक से बंद था। ऐसे में बिना चाबी के कमरा किसने खोला और चोरी की वारदात को अंजाम दिया, इसको लेकर होटल के कर्मचारियों पर भी संदेह जताया जा रहा है।
सूचना मिलते ही न्यू मार्केट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने होटल के रिसेप्शन स्टाफ और हाउसकीपिंग कर्मियों से पूछताछ की है। इसके अलावा, होटल के गलियारे और नौवीं मंजिल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही हैं। लालबाजार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पीड़ित बांग्लादेशी नागरिक की शिकायत पर न्यू मार्केट थाने में जनरल डायरी (GD) दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही चोरी की इस वारदात का खुलासा होने की उम्मीद है।